Alsi Ki Roti Recipe: रोज-रोज वही सादी गेहूं की रोटी खाकर मन ऊब गया है और आप कुछ नया, हेल्दी और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो अलसी की रोटी आपके लिए एक बढ़िया ऑप्शन बन सकती है. आजकल लोग अपनी डाइट को लेकर काफी सजग हो गए हैं और ऐसी चीजें तलाशते हैं जो खाने में भी अच्छी हों और शरीर को भी फायदा दें. ऐसे में अलसी एक सुपरफूड की तरह सामने आती है. छोटे-छोटे ये बीज पोषण से भरपूर होते हैं और दिल, पाचन और स्किन के लिए काफी फायदेमंद माने जाते हैं. अलसी की रोटी की खास बात ये है कि इसे बनाना बेहद आसान है और इसके लिए ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं पड़ती. घर में मौजूद साधारण सामग्री से आप इसे तैयार कर सकते हैं.

इसका स्वाद हल्का नट जैसा होता है जो रोटी को एक अलग फ्लेवर देता है. एक बार अगर आपने इसे ट्राई कर लिया, तो ये आपकी रोज की डाइट का हिस्सा बन सकती है. खासकर अगर आप फिटनेस या हेल्थ पर ध्यान दे रहे हैं, तो ये रोटी आपके लिए और भी फायदेमंद साबित होगी.

अलसी की रोटी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
-एक कटोरी गेहूं का आटा
-50 ग्राम अलसी के बीज
-नमक स्वाद के अनुसार
-थोड़ा सा घी

घर पर ऐसे बनाएं स्वादिष्ट अलसी की रोटी
-सबसे पहले अलसी के बीज को हल्की आंच पर भून लें. ध्यान रखें कि ज्यादा न जलाएं, बस हल्की खुशबू आने तक ही भूनना है. इसके बाद इसे ठंडा होने दें और फिर मिक्सर में डालकर बारीक पाउडर बना लें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

-अब एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें और उसमें पिसी हुई अलसी, नमक और थोड़ा सा घी डालें. इन सभी को अच्छे से मिलाकर आटा गूंथ लें. आटा ज्यादा सख्त या ज्यादा ढीला न हो, इसका ध्यान रखें. गूंथे हुए आटे को 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि ये अच्छे से सेट हो जाए.

-अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें बेलकर रोटी का आकार दें. तवा गरम करें और रोटियों को दोनों तरफ से अच्छे से सेंक लें. जब रोटी फूलने लगे और हल्का ब्राउन रंग आ जाए, तो उसे उतार लें. ऊपर से थोड़ा घी लगाकर गरमा-गरम सर्व करें.

क्यों खास है अलसी की रोटी?
अलसी में ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं. ये दिल को स्वस्थ रखने में मदद करता है और पाचन को भी बेहतर बनाता है. जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए भी ये रोटी एक अच्छा विकल्प है क्योंकि इसमें फाइबर ज्यादा होता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा महसूस होता है.

इन बातों का रखें ध्यान
अलसी की रोटी हमेशा ताजी ही खाएं, तभी इसका स्वाद और फायदा दोनों मिलेंगे. आटा ज्यादा देर के लिए स्टोर न करें, एक बार में जितना चाहिए उतना ही गूंथें. अलसी को ज्यादा न भूनें, वरना इसका स्वाद कड़वा हो सकता है.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)



Source link

Write A Comment