Last Updated:
Makke ka Fadu Recipe : कम मेहनत में बनने वाला मक्के का फाड़ू पहाड़ी व्यंजन है. इसे बनाने के लिए घी में मक्के का आटा भूनें, फिर उसमें छाछ डालकर लगातार चलाते रहें ताकि गाठें न बनें. उबाल आने पर गुड़ डालें और कुछ देर पकाएं. जब यह गाढ़ा और नरम हो जाए, तो गरमा-गरम घी या चटनी के साथ परोसें. ये पेट के लिए भी हल्का होता है और जल्दी पच जाता है. अगली बार जब आपका कुछ अलग और पहाड़ी खाने का मन करे, तो मक्के का फाड़ू जरूर बनाएं.
पिथौरागढ़. अगर आपका मन पहाड़ी, हल्का और टेस्टी खाने का है, तो मक्के का फाड़ू एकदम परफेक्ट डिश है. पहाड़ों में ये बहुत पसंद किया जाता है और खास बात ये है कि इसे बनाना भी बेहद आसान है. लोकल 18 से पिथौरागढ़ की रहने वाली नर्वदा देवी बताती हैं कि इसे बनाने के लिए 1 कप मक्के का आटा, 2 बड़े चम्मच घी, 1 बड़ा गिलास (लगभग 250–300 ml) छाछ, 2–3 बड़े चम्मच गुड़ (स्वाद अनुसार) और थोड़ा सा नमक (अगर हल्का नमकीन स्वाद चाहते हैं) चाहिए.
अब शुरू करते हैं इसे बनाना
एक कढ़ाई लें और उसमें 2 बड़े चम्मच घी डालकर गर्म करें. जैसे ही घी गर्म हो जाए, उसमें 1 कप मक्के का आटा डाल दें. अब इसे धीमी आंच पर आराम से भूनते रहें. जल्दबाजी बिल्कुल न करें, क्योंकि अच्छे स्वाद के लिए आटे का सही से भुनना बहुत जरूरी है. जब आटे का रंग हल्का भूरा होने लगे और उसमें से खुशबू आने लगे, तब समझ लीजिए कि आटा तैयार है. अब इसमें धीरे-धीरे छाछ डालनी है. ध्यान रहे कि छाछ डालते वक्त गैस धीमी ही रखें और साथ-साथ इसे लगातार चलाते रहें. अगर आप इसे नहीं चलाएंगे तो इसमें गाठें बन सकती हैं, जो स्वाद खराब कर देंगी. इसलिए इस स्टेप में थोड़ा ध्यान देना जरूरी है.
नर्वदा कहती हैं कि कुछ ही देर में आप देखेंगे कि इसमें हल्का उबाल आने लगा है. अब इसमें 2–3 बड़े चम्मच गुड़ डाल दें. अगर आपको ज्यादा मीठा पसंद है तो गुड़ थोड़ा और बढ़ा सकते हैं. गुड़ डालने के बाद इसे अच्छे से मिलाएं और 5–10 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें. धीरे-धीरे ये गाढ़ा होने लगेगा और इसका टेक्सचर काफी स्मूद और नरम हो जाएगा. यही इसका असली मजा है. अगर आपको ये थोड़ा पतला पसंद है तो इसमें थोड़ा और छाछ मिला सकते हैं.
खाने में कैसा
अब बात करते हैं इसके स्वाद की, गरमा-गरम फाड़ू जब घी के साथ या हरी चटनी के साथ खाया जाता है, तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. ये पेट के लिए भी हल्का होता है और जल्दी पच जाता है. नर्वदा देवी का कहना है कि मक्के का फाड़ू हमारे पहाड़ों का बहुत ही पुराना और पसंदीदा व्यंजन है. ये शरीर के लिए भी बहुत अच्छा होता है और स्वाद में भी बहुत अच्छा होता है. सबसे खास बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा समय और मेहनत नहीं लगती. अगली बार जब आपका कुछ अलग और पहाड़ी खाने का मन करे, तो मक्के का फाड़ू जरूर बनाएं. कम मेहनत में जबरदस्त स्वाद का पूरा मजा लें.
About the Author
Priyanshu has more than 10 years of experience in journalism. Before News 18 (Network 18 Group), he had worked with Rajsthan Patrika and Amar Ujala. He has Studied Journalism from Indian Institute of Mass Commu…और पढ़ें