जमशेदपुर. लजीज खाने की बात हो और कढ़ी-पकौड़ा का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. हर किसी को गरमा-गरम कढ़ी-पकौड़ा बेहद पसंद होता है, लेकिन अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि कढ़ी की ग्रेवी कभी ज्यादा खट्टी हो जाती है, तो कभी उसका स्वाद फीका रह जाता है. ऐसे में आज हम आपको एकदम परफेक्ट, होटल जैसी स्वादिष्ट कढ़ी बनाने की आसान और सही विधि बता रहे हैं.
खूब फेंटे पकौड़ी का बेसन
सबसे पहले बात करते हैं पकौड़ों की. बेसन में नमक, हल्दी, थोड़ा लाल मिर्च और अजवाइन मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें. इसमें थोड़ा पानी डालकर अच्छे से फेंट लें और गरम तेल में छोटे-छोटे पकौड़े तल लें. पकौड़े तैयार होने के बाद इन्हें अलग रख दें. याद रखें बेसन जितना फेटेंगे पकौड़ी उतनी ही फूलेगी. कुछ लोग पकौड़ी फुलाने के लिए एक चुटकी बेकिंग सोडा भी डालते हैं.
ऐसे बनेगी तरी
अब कढ़ी की ग्रेवी बनाने की बारी आती है, जो इस डिश की जान होती है. एक कढ़ाई लें और उसमें सरसों का तेल डालकर अच्छे से गर्म करें. जब तेल हल्का धुआं छोड़ने लगे, तब आंच धीमी कर दें. अब एक बाउल में बेसन लें और उसमें पानी डालकर पतला घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि इसमें कोई गुठली (लम्प्स) न रह जाए.
इसके बाद इस बेसन के घोल में धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च और जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इस मिश्रण को धीरे-धीरे कढ़ाई में डालें और लगातार चलाते रहें, ताकि गुठलियां न बनें.
दही हल्का खट्टा लें
अब दही को मिक्सी में अच्छी तरह फेंटकर बिल्कुल पतला कर लें. ध्यान रखें कि दही ज्यादा खट्टा न हो, वरना कढ़ी का स्वाद बिगड़ सकता है. इस फेंटे हुए दही को भी कढ़ाई में डालें और लगातार चलाते रहें. कढ़ी को मध्यम आंच पर पकने दें, ताकि बेसन अच्छी तरह पक जाए और कच्चापन खत्म हो जाए.
जब कढ़ी में हल्का उबाल आने लगे, तब उसमें तैयार पकौड़े डाल दें. जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डाल सकते हैं, ताकि ग्रेवी आपकी पसंद के अनुसार गाढ़ी या पतली हो जाए. अब इसे 10-15 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें, ताकि पकौड़े भी कढ़ी का स्वाद सोख लें.
तड़का बढ़ाता है स्वाद
अंत में कढ़ी का सबसे खास हिस्सा – तड़का. एक छोटी कढ़ाई में तेल गर्म करें. उसमें सूखी लाल मिर्च, हींग, सरसों के दाने और तेज पत्ता डालें. चाहें तो कश्मीरी लाल मिर्च भी डाल सकते हैं. इससे कढ़ी का रंग और भी शानदार हो जाता है. इस तड़के को तैयार कढ़ी पर डाल दें. बस तैयार है आपकी लाजवाब, खुशबूदार और एकदम परफेक्ट कढ़ी-पकौड़ा. इसे गरमा-गरम चावल या रोटी के साथ परोसें और घरवालों के साथ इसका मजा लें.