Last Updated:
Kathal Biryani Recipe: कहते हैं अगर शाकाहारियों को नॉनवेज का स्वाद लेना हो तो उन्हें कटहल बिरयानी ट्राई करनी चाहिए. मेरिनेट करने बनने वाला यह आइटम, ऐसा स्वाद देता है कि खाने वाले खुद को रोक नहीं पाते. जानते हैं इसकी स्टेप बाय स्टेप रेसिपी.
कोडरमा. बाजार में आसानी से मिलने वाला छोटे आकार का कटहल, जिसे कई इलाकों में मोची भी कहा जाता है. इससे आप घर पर ही लाजवाब और खुशबूदार बिरयानी तैयार कर सकते हैं. खास बात यह है कि यह रेसिपी उन लोगों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है, जो शाकाहारी हैं लेकिन नॉनवेज बिरयानी जैसा स्वाद चाहते हैं. गृहिणी राधिका प्रजापति ने कटहल बिरयानी बनाने का बेहद आसान और स्वादिष्ट तरीका साझा किया है. उन्होंने बताया कि इस रेसिपी के लिए छोटे आकार का कटहल, बिरयानी चावल, दही, टमाटर, प्याज, पुदीना और कई मसालों की जरूरत होती है, जो इस डिश को खास बनाते हैं.
खुशबूदार बिरयानी बनाने के लिए ऐसे तैयार करें पानी
राधिका ने बताया कि बिरयानी बनाने की शुरुआत चावल तैयार करने से होती है. सबसे पहले एक बर्तन में पानी गर्म किया जाता है, जिसमें आधा नींबू निचोड़ा जाता है. इसके बाद इसमें थोड़ा रिफाइंड तेल, नमक और साबुत मसाले जैसे इलायची, दालचीनी और लौंग डाले जाते हैं. इस मिश्रण को कुछ देर उबालने के बाद ढककर 15 से 20 मिनट तक रखा जाता है, जिससे पानी में मसालों की खुशबू अच्छी तरह समा जाए. फिर इसी पानी में बिरयानी चावल डालकर पकाया जाता है और पकने के बाद अतिरिक्त पानी निकाल दिया जाता है.
मेरिनेट करना जरूरी
उन्होंने बताया कि अब बारी आती है कटहल की. छोटे कटहल को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा जाता है और हल्दी व नमक के साथ पानी में उबाल लिया जाता है, ताकि वह नरम हो जाए. उबले हुए कटहल को छानकर एक बर्तन में रखा जाता है और उसमें दही, हरी मिर्च, टमाटर का पेस्ट, भुना हुआ प्याज, पुदीना पत्ते, अदरक-लहसुन का पेस्ट और अन्य मसाले मिलाए जाते हैं. इस मिश्रण को अच्छे से मिलाकर लगभग आधे घंटे के लिए मेरिनेट होने के लिए छोड़ दिया जाता है, ताकि मसालों का स्वाद कटहल के अंदर तक पहुंच सके. इससे कटहल रसीला और मुलायम बनता है.
कटहल और बिरयानी चावल की लेयरिंग करें
इसके बाद एक कढ़ाई में तेल गर्मकर इस मेरिनेटेड कटहल को अच्छी तरह पकाया जाता है. जब मसाला अच्छी तरह पक जाए, तब एक बर्तन में बिरयानी की लेयरिंग की जाती है. पहले चावल की परत, फिर कटहल मसाला और उसके ऊपर फिर चावल की परत लगाई जाती है. अंत में बिरयानी को पुदीना पत्तों और भूने हुए प्याज से सजाया जाता है.
हल्का रंग देने के लिए एक चम्मच चुकंदर का रस और स्वाद बढ़ाने के लिए एक चम्मच घी डाला जाता है. इसके बाद इसे करीब 10 मिनट तक धीमी आंच पर दम दिया जाता है. इसके बाद तैयार कटहल बिरयानी को रायते के साथ परोसें. इसकी खुशबू और स्वाद ऐसा होता है कि यह न केवल परिवार बल्कि मेहमानों का भी दिल जीत लेती है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें