Last Updated:
सादी पूड़ी को कहें अलविदा, अब घर पर आएगा कचौड़ी का असली स्वाद. आटे में बस तीन खास चीजें मिलाकर आप मेहमानों को हैरान कर सकते हैं. यह तरीका सादी पूड़ी को भी खस्ता और लाजवाब बना देगा. बाहर से कुरकुरी और अंदर से नरम, इस गुप्त रेसिपी का जादू हर किसी को पसंद आएगा.
जमशेदपुरः भारत में कोई भी छोटा-बड़ा मौका हो, त्योहार, पूजा, मेहमान का आना या फिर संडे का खास दिन, घर में पूड़ी जरूर बनती है. गर्म-गर्म फूली हुई पूड़ी का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. आमतौर पर लोग सादी आटे की पूड़ी बनाते हैं, लेकिन अगर आप चाहें तो इसे थोड़ा खास और अलग अंदाज़ में भी बना सकते हैं. आज हम आपको ऐसी पूड़ी बनाने की आसान विधि बता रहे हैं, जो खाने में बिल्कुल कचौड़ी जैसी लगेगी और स्वाद में भी लाजवाब होगी.
सबसे पहले आपको 1 किलो गेहूं का आटा लेना है. इसमें लगभग 100 ग्राम मैदा मिलाएं. मैदा डालने से पूड़ी थोड़ी कुरकुरी और हल्की बनती है. इसके बाद इसमें आधी कटोरी सूजी (रवा) डालें. सूजी मिलाने से पूड़ी का टेक्सचर और भी बढ़िया हो जाता है और यह खाने में कचौड़ी जैसा एहसास देती है. अब इसमें स्वाद के लिए थोड़ा सा नमक डालें और साथ ही अजवाइन डालें. अजवाइन को हाथों से हल्का मसलकर डालें, इससे उसका स्वाद और खुशबू अच्छे से आटे में मिल जाएगा.
आटे को टाइट गूंथें
अब इस मिश्रण में 2-3 चम्मच रिफाइंड तेल डालें. इसे अच्छे से आटे में मिला लें, जिससे मोयन तैयार हो जाए. इससे पूड़ी ज्यादा खस्ता और स्वादिष्ट बनेगी. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटे को गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा नरम न हो, बल्कि थोड़ा टाइट गूंथा जाए. टाइट आटा ही पूड़ी को सही आकार और क्रिस्पीपन देता है. आटा गूंथने के बाद इसे 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि यह अच्छे से सेट हो जाए.
अब कढ़ाई में रिफाइंड तेल डालकर अच्छे से गर्म करें. आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें बेलकर गोल आकार दें. बहुत पतली या बहुत मोटी न बेलें, मध्यम मोटाई रखें. जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तो पूड़ी को धीरे-से तेल में डालें. हल्के हाथ से दबाते हुए इसे फुलाएं और सुनहरा होने तक तलें.
पूड़ी बाहर से कुरकुरी-अंदर से नरम
जब पूड़ी फूलकर गोल और हल्की क्रिस्पी हो जाए, तो उसे निकाल लें. इस तरह तैयार पूड़ी बाहर से हल्की कुरकुरी और अंदर से नरम होती है, और इसका स्वाद बिल्कुल कचौड़ी जैसा लगता है. आप इसे आलू की सब्जी, चने की सब्जी या अचार के साथ खा सकते हैं.
इस आसान और खास तरीके से बनी पूड़ी आपके घर के हर सदस्य को जरूर पसंद आएगी. अगली बार जब भी पूड़ी बनाएं, इस तरीके को जरूर ट्राई करें और अपने खाने को थोड़ा और खास बनाएं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.