Last Updated:
Patna Style Roti Paneer Roll Recipe: कम समय में झटपट तैयार होने वाली यह रेसिपी न सिर्फ टेस्टी है बल्कि हो सकता है एक बार घर के बड़े और बच्चों को इसका स्वाद लगने पाया तो आए दिन इसी नाश्ते से उनकी सुबह होगी.
अगर आपके घर में रात की रोटियां बच गई हैं और समझ नहीं आ रहा कि उनका क्या करें, तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. इन्हीं बची हुई रोटियों से आप बना सकते हैं पटना स्टाइल कुरकुरा और बेहद स्वादिष्ट पनीर-प्याज रोल. यह आपके सुबह के नाश्ते को खास बना देगा. कम समय में झटपट तैयार होने वाली यह रेसिपी न सिर्फ टेस्टी है बल्कि बचे भोजन को भी स्मार्ट तरीके से इस्तेमाल करने का शानदार तरीका है. एक बार ट्राई करेंगे तो बार-बार बनाना चाहेंगे. पटना में तो कई माताएं अपने बच्चों को सुबह के नाश्ते में यही पनीर-प्याज रोल बनाकर देती हैं. शेफ स्पर्श नरूला ने इसकी रेसिपी भी बताई है.
इस टेस्टी पटना स्टाइल रोल को बनाने के लिए सबसे पहले ताज़ी सब्जियों की तैयारी करना जरूरी है. एक मीडियम साइज का प्याज और एक शिमला मिर्च लें. इन्हें लंबा-लंबा पतला काट लें, ताकि रोल में भरने पर अच्छा टेक्सचर और स्वाद आए. सब्जियों को इस तरह काटने से वे जल्दी पकती हैं और खाने में भी कुरकुरी लगती है.
अब गैस या इंडक्शन पर एक पैन चढ़ाएं और उसमें एक से दो चम्मच तेल डालकर हल्का गरम करें. तेल गरम होते ही उसमें कटे हुए प्याज और शिमला मिर्च डाल दें. मीडियम आंच पर इन्हें हल्का भूनें, ध्यान रखें कि सब्जियां पूरी तरह नरम न हों बल्कि उनमें हल्की क्रंच बनी रहे. जब प्याज और शिमला मिर्च हल्के सुनहरे और खुशबूदार हो जाएं, तब इसमें लंबा-लंबा स्लाइस किया हुआ पनीर डालें. पनीर को बहुत ज्यादा देर तक न पकाएं, बस हल्का सा भूनें
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसके बाद इसमें स्वादानुसार नमक डालें और साथ में थोड़ा सा ऑरेगानो और पेरी पेरी मसाला मिलाएं. इन मसालों से रोल को एक हल्का सा फ्यूजन फ्लेवर मिलता है. इससे स्ट्रीट स्टाइल टच मिलता है. अब इसे तब तक भूनें जब तक इसमें हल्का सा रंग न आ जाए और मसाले अच्छी तरह सब्जियों और पनीर में मिक्स न हो जाएं.
अब बारी आती है रोटी की. रोटी रेसिपी का बेस है. रात की बची हुई रोटी को तवे पर हल्का सा गरम कर लें ताकि वह सॉफ्ट और रोल बनाने के लिए परफेक्ट हो जाए. रोटी को ज्यादा क्रिस्प न करें, बस इतना गरम करें कि वह आसानी से मुड़ सके और टूटे नहीं. अब गरम रोटी पर थोड़ा सा मेयोनीज़ और केचप फैलाएं. इसके बाद तैयार पनीर और सब्जियों की स्टफिंग को रोटी के बीच में रखें और इसे अच्छे से रोल कर लें. चाहें तो इसमें अपनी पसंद की चटनी, नींबू या मसाला डालकर स्वाद और बढ़ा सकते हैं.
अंत में इस रोल को तवे पर हल्का सा तेल लगाकर सेक लें ताकि यह बाहर से कुरकुरा हो जाए, या फिर सीधे ही चटनी के साथ सर्व करें. दोनों ही तरीकों में यह रोल बेहद स्वादिष्ट लगेगा. पति को ऑफिस भेजना हो या फिर बच्चों को स्कूल, यह टेस्टी पनीर प्याज रोल खिलाकर भेज सकते हैं. इससे बची हुई रोटी भी उपयोग में आ जाएगी और सुबह-सुबह लाजवाब स्वाद भी मिल जाएगा.