Last Updated:
Fruit Custard Recipe: घर में मीठा खाने का मन हो, लेकिन चीनी कम करनी हो? यह हेल्दी फ्रूट कस्टर्ड आपके लिए परफेक्ट विकल्प है. ड्राई फ्रूट्स और ताजे फलों से बनी यह मिठाई स्वाद में शानदार और पोषण में भरपूर है.
घर में जब भी मीठा खाने का मन होता है, लोग अक्सर ऐसी चीजें बनाते हैं जिनमें चीनी काफी ज्यादा होती है. लेकिन आजकल कई लोग अपनी सेहत को लेकर जागरूक हो गए हैं और कोशिश करते हैं कि खाने में रिफाइंड चीनी का इस्तेमाल कम से कम करें.
खासकर बच्चों के लिए हेल्दी मिठाई बनाना हर मां की इच्छा होती है. ऐसे में फ्रूट कस्टर्ड एक ऐसा डेजर्ट है, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पोषण से भी भरपूर होता है. आमतौर पर लोग कस्टर्ड पाउडर और चीनी डालकर इसे बनाते हैं, लेकिन इसे बिना चीनी और बिना कस्टर्ड पाउडर के भी तैयार किया जा सकता है.
इस खास रेसिपी में दूध को गाढ़ा करने के लिए ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे कस्टर्ड और भी रिच और मलाईदार हो जाता है. ड्राई फ्रूट्स से बना कस्टर्ड न केवल स्वाद में शानदार होता है, बल्कि इसमें पोषण भी भरपूर होता है. इसमें फलों की प्राकृतिक मिठास और शहद की हल्की मिठास मिलकर ऐसा स्वाद देती है, जिसे बच्चे और बड़े दोनों पसंद करते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस खास फ्रूट कस्टर्ड की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कस्टर्ड पाउडर की जरूरत नहीं होती. दूध को गाढ़ा और क्रीमी बनाने के लिए मखाना, बादाम, पिस्ता और काजू का इस्तेमाल किया जाता है. इन सभी को दूध में भिगोकर पीस देने से एक बेहद मलाईदार पेस्ट तैयार होता है, जो कस्टर्ड का बेस बन जाता है.
इससे कस्टर्ड का टेक्सचर बहुत स्मूद और क्रीमी बनता है. साथ ही, ड्राई फ्रूट्स के कारण इसमें प्रोटीन, हेल्दी फैट और कई जरूरी पोषक तत्व भी मिल जाते हैं. फ्रूट कस्टर्ड का असली मजा इसमें डाले गए ताजे फलों से आता है. आप इसमें अपनी पसंद के कई तरह के फल डाल सकते हैं, जैसे सेब, केला, अंगूर, चीकू या अनार.
अलग-अलग फलों का स्वाद जब क्रीमी कस्टर्ड के साथ मिलता है, तो यह डेजर्ट और भी टेस्टी हो जाता है. फलों की वजह से इसमें प्राकृतिक मिठास भी आ जाती है, जिससे अलग से चीनी डालने की जरूरत नहीं पड़ती. यही कारण है कि यह कस्टर्ड हेल्दी भी माना जाता है.
सबसे पहले एक कटोरे में एक कप मखाना, आधा कप बादाम, आधा कप पिस्ता और आधा कप काजू निकाल लें. इसमें एक कप गुनगुना दूध डालें ताकि ड्राई फ्रूट्स अच्छे से भीग जाएं. दूध में केसर के कुछ धागे डाल दें, जिससे कस्टर्ड का रंग और खुशबू दोनों बढ़ जाएं. अब स्वाद अनुसार थोड़ा शहद मिला लें, जो कस्टर्ड में चीनी की जगह काम करता है और हल्की प्राकृतिक मिठास देता है.
ड्राई फ्रूट्स को लगभग 15-20 मिनट तक दूध में भीगने दें. इससे मखाना, बादाम, पिस्ता और काजू नरम हो जाते हैं और आसानी से पीस जाते हैं. अब इस मिश्रण को मिक्सर में डालकर अच्छी तरह पीस लें. पीसने के बाद एक गाढ़ा और क्रीमी पेस्ट तैयार हो जाएगा, जो आपके कस्टर्ड को गाढ़ा और मलाईदार बनाता है.
अब एक बड़े बर्तन में कटे हुए फल डालें. इसमें सेब, अंगूर, केला, चीकू और अनार के दाने शामिल किए जा सकते हैं. इसके ऊपर तैयार किया हुआ ड्राई फ्रूट्स वाला क्रीमी पेस्ट डालें और सभी चीज़ों को धीरे-धीरे अच्छी तरह मिलाएं, ताकि हर फल पर कस्टर्ड की कोटिंग हो जाए. ऊपर से गार्निश के लिए थोड़ा सा कटे हुए पिस्ता, मुनक्का और अनार के दाने डाल सकते हैं.
जब कस्टर्ड पूरी तरह तैयार हो जाए, तो इसे लगभग एक घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. ठंडा होने के बाद इसका स्वाद और भी अधिक बढ़ जाता है. सर्व करते समय इसका गाढ़ा, क्रीमी और ठंडा स्वाद हर किसी को पसंद आता है. यह एक ऐसा डेजर्ट है जिसे बच्चे भी बड़े चाव से खाते हैं.