Soft Dahi Bhalla Recipe: दही भल्ले का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. चाहे शादी हो, घर की पार्टी हो या कोई त्यौहार, ये डिश हर मौके पर चार चांद लगा देती है, लेकिन एक सच ये भी है कि घर पर दही भल्ले बनाते वक्त कई लोगों को एक ही दिक्कत आती है-भल्ले सॉफ्ट नहीं बनते. कभी वो अंदर से सख्त रह जाते हैं, तो कभी फूलते ही नहीं. ऐसे में लोग सोचते हैं कि बाहर वाले भल्लों में आखिर ऐसा क्या खास होता है जो घर पर नहीं हो पाता. असल में दही भल्ले बनाना मुश्किल नहीं है, बस सही तरीका और छोटी-छोटी ट्रिक्स पता होनी चाहिए.
अगर दाल सही तरीके से पीसी जाए, बैटर को ठीक से फेंटा जाए और तलने का तरीका सही हो, तो आप भी घर पर बिल्कुल हलवाई जैसे मुलायम और स्पंजी भल्ले बना सकते हैं. इस आर्टिकल में हम आपको वही आसान तरीका और कुछ जरूरी टिप्स बता रहे हैं, जिससे आपके दही भल्ले हर बार परफेक्ट बनेंगे.
दही भल्ले बनाने के लिए जरूरी चीजें
सबसे पहले बात करते हैं सामग्री की, क्योंकि सही चीजों का सही मिक्स ही अच्छा रिजल्ट देता है.
-1 कप धुली उड़द दाल (4-5 घंटे भीगी हुई)
-2 चम्मच मूंग दाल (अगर टेक्सचर बेहतर करना हो)
-अदरक का छोटा टुकड़ा
-1-2 हरी मिर्च
-नमक स्वाद के हिसाब से
-एक चुटकी हींग
-2 कप गाढ़ा दही
-2 चम्मच चीनी
-इमली की मीठी चटनी
-हरी धनिया-पुदीना चटनी
-भुना जीरा, लाल मिर्च, काला नमक, चाट मसाला
सॉफ्ट और फूले-फूले भल्ले बनाने का सही तरीका
1. दाल पीसने का तरीका सबसे अहम
भीगी हुई दाल का पूरा पानी निकाल दें. अब इसे अदरक और मिर्च के साथ पीसें. ध्यान रखें कि पानी बहुत कम डालें, सिर्फ 1-2 चम्मच ही काफी है. पेस्ट ज्यादा पतला नहीं होना चाहिए, थोड़ा गाढ़ा और हल्का दरदरा रहे तो बेहतर है.
2. फेंटना ही गेम चेंजर है
यही वो ट्रिक है जिससे आपके भल्ले सॉफ्ट बनेंगे. दाल के पेस्ट को एक बड़े बर्तन में निकालकर हाथ से 8-10 मिनट तक एक ही दिशा में फेंटें. जब पेस्ट हल्का और फूला हुआ दिखने लगे, तब समझिए आप सही रास्ते पर हैं.
3. बैटर का टेस्ट जरूर करें
एक कटोरी पानी लें और उसमें थोड़ा सा बैटर डालें, अगर वो ऊपर तैर जाए, तो मतलब आपका बैटर तैयार है और भल्ले सॉफ्ट बनेंगे.
4. सही तरीके से तलना
कड़ाही में तेल मीडियम गर्म रखें. ज्यादा तेज आंच पर भल्ले बाहर से पक जाएंगे और अंदर से कच्चे रहेंगे. गीले हाथ से छोटे-छोटे गोले डालें और हल्का सुनहरा होने तक तलें.
5. पानी में भिगोना न भूलें
तले हुए भल्लों को तुरंत गुनगुने पानी में डाल दें. पानी में थोड़ा नमक और हींग मिला लें. इन्हें 20-30 मिनट तक भीगने दें. इससे भल्ले अंदर तक नरम हो जाते हैं.
परफेक्ट सर्विंग का तरीका
जब भल्ले पानी से निकालें तो हल्के हाथ से दबाकर पानी निकालें. फिर ऊपर से मीठा दही डालें, साथ में दोनों चटनियां और मसाले छिड़कें. इससे स्वाद कई गुना बढ़ जाएगा.
एक्स्ट्रा टिप्स जो काम आएंगे
दाल पीसते समय ज्यादा पानी न डालें. फेंटने में आलस न करें, यही असली सीक्रेट है. तलते समय आंच मीडियम रखें. दही हमेशा ठंडा और हल्का मीठा रखें.