Last Updated:

Halwai Style Latpati Aloo Tamatar Sabji: जब घर पर खास सब्जी ना हो पर कुछ खास खाने का मन हो तो बनाएं आलू-टमाटर की सब्जी. इसे सूखा, लटपटा या रसेदार कैसा भी बना सकते हैं. सब्जी बनाने में दो तरह का पेस्ट इस्तेमाल होता है, जिससे बिलकुल हलवाइयों वाला स्वाद मिलता है.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. बच्चा हो या बुजुर्ग, आलू-टमाटर की सब्जी लगभग हर किसी की पसंदीदा होती है. यह एक ऐसी आसान और झटपट बनने वाली डिश है जिसे आप सुबह के नाश्ते से लेकर दोपहर या रात के खाने में भी शामिल कर सकते हैं. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और घर में मौजूद सामान्य सामग्री से ही स्वादिष्ट सब्जी तैयार हो जाती है.

आसान है रेसिपी
सबसे पहले एक कढ़ाई को गैस पर रखकर अच्छी तरह गर्म कर लें. जब कढ़ाई गर्म हो जाए तो उसमें सरसों का तेल डालें. तेल हल्का गरम होते ही उसमें सूखी लाल मिर्च और थोड़ा सा जीरा डालें. जैसे ही जीरा चटकने लगे, उसमें बारीक कटा हुआ प्याज और एक-दो तेजपत्ता डाल दें. अब प्याज को मध्यम आंच पर तब तक भूनें जब तक वह हल्का सुनहरा और कुरकुरा न हो जाए.

दो तरह का पेस्ट करें तैयार
इसके बाद इस रेसिपी का खास स्टेप आता है. आपको दो तरह की पेस्ट तैयार करनी है. पहली पेस्ट के लिए अदरक, लहसुन, प्याज और टमाटर को पीसकर एक स्मूद पेस्ट बना लें. दूसरी पेस्ट के लिए साबुत मसालों जैसे जीरा और थोड़ा गरम मसाला मिलाकर हल्की पेस्ट तैयार करें. अब इन दोनों पेस्ट को कढ़ाई में डालकर अच्छे से भूनें.

मसाले में समा जाए आलू
जब मसाला अच्छी तरह भुनने लगे, तब उसमें हल्दी, नमक, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालें. मसाले को तब तक पकाएं जब तक उसमें से तेल अलग न होने लगे. यही संकेत होता है कि आपका मसाला पूरी तरह से तैयार हो चुका है.

अब इसमें 2-3 कटे हुए टमाटर डालें और उन्हें अच्छी तरह से पकने दें. टमाटर जब नरम हो जाएं तो इसमें पहले से उबले हुए आलू के टुकड़े डालकर अच्छी तरह मिला लें. मसाले के साथ आलू को 2-3 मिनट तक चलाते हुए पकाएं ताकि सभी फ्लेवर अच्छे से मिल जाएं.

सूखी बनाएं, रसेदार या लटपटी
अगर आप इस सब्जी को रोटी या पराठे के साथ खाना चाहते हैं, तो इसे सूखी ही उतार लें. वहीं अगर आप इसे चावल के साथ परोसना चाहते हैं, तो इसमें थोड़ा पानी डालकर 2-3 मिनट उबाल लें ताकि हल्की ग्रेवी बन जाए. अंत में ऊपर से ताजा हरा धनिया डालकर परोसें.

यह आलू-टमाटर की सब्जी न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि जल्दी बनने के कारण व्यस्त दिनचर्या में भी एक बेहतरीन विकल्प है. एक बार इस तरीके से बनाकर देखें, घर के सभी लोग उंगलियां चाटते रह जाएंगे. मजे की बात है किसी भी चीज के साथ खाओ ये कमाल ही लगती है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Write A Comment