Last Updated:

No Oil Mango Pickle: गर्मियों में आम का पानी वाला अचार दाल-चावल का स्वाद कई गुना बढ़ा सकता है. खास बात यह है कि इसमें तेल की एक बूंद भी नहीं डाली जाती, फिर भी इसका स्वाद बेहद चटपटा और लाजवाब होता है. राई, नमक और पानी के सही मिश्रण से तैयार यह अचार आसानी से बन जाता है और लंबे समय तक स्टोर भी किया जा सकता है.

मध्य प्रदेश के बघेलखंड क्षेत्र में गर्मी शुरू होते ही आम का सीजन भी शुरू हो जाता है. गांव से लेकर शहर तक लगभग हर घर में कच्चे आम का अचार बनाया जाता है. आमतौर पर अचार बनाने में सरसों के तेल का उपयोग किया जाता है, ताकि अचार लंबे समय तक खराब न हो. लेकिन क्या आपने कभी बिना तेल वाला आम का अचार खाया है. सुनने में भले अजीब लगे, लेकिन बिना एक बूंद तेल के भी स्वादिष्ट और लंबे समय तक चलने वाला आम का अचार बनाया जा सकता है.

रसोईया प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि तेल वाले अचार में सरसों का तेल प्रिजर्वेटिव का काम करता है, जबकि पानी वाले अचार में राई, नमक और पानी का सही संतुलन ही इसका असली राज होता है. आम के टुकड़ों को पानी में डुबोकर रखा जाता है और उसमें राई व मसाले मिलाए जाते हैं. कुछ दिनों बाद इसमें हल्की खटास आने लगती है, जो अचार का स्वाद बढ़ाने के साथ उसे लंबे समय तक सुरक्षित भी रखती है.

इस तरह तैयार करें अचार
प्रियंका सिंह ने बताया कि इस अचार को बनाने के लिए कच्चे आम, पानी, नमक, पीली या काली राई, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और हींग की जरूरत होती है. सबसे पहले कच्चे आमों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. इसके बाद आम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. चाहें तो गुठली निकाल सकते हैं या साथ में रहने दें.

अब एक बर्तन में पानी उबाल लें और उसे पूरी तरह ठंडा होने दें. ध्यान रखें कि कच्चा पानी इस्तेमाल करने से अचार जल्दी खराब हो सकता है. इसके बाद एक कांच की बरनी में आम के टुकड़े डालें और उसमें दरदरी पिसी राई, हल्दी, लाल मिर्च, हींग और नमक मिला दें. फिर इतना ठंडा पानी डालें कि आम के सभी टुकड़े पूरी तरह डूब जाएं.

2 से 3 दिन में तैयार है बिना तेल का अचार
बरनी के मुंह को सूती कपड़े से बांधकर 2 से 3 दिन तक धूप में रखें. दिन में एक बार सूखे चम्मच से अचार को ऊपर-नीचे जरूर चलाएं. करीब 3 से 4 दिन बाद राई का पानी खट्टा होने लगेगा और आम नरम पड़ जाएंगे. इसके बाद आपका जीरो-ऑयल आम का अचार तैयार हो जाएगा.

अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए हमेशा सूखे और साफ चम्मच का इस्तेमाल करें. इसे कांच या चीनी मिट्टी के बर्तन में ही रखें, क्योंकि प्लास्टिक में यह जल्दी खराब हो सकता है. खटास आने के बाद अगर इसे फ्रिज में रखा जाए तो यह कई महीनों तक ताजा बना रहता है.

About the Author

Mohd Majid

with more than more than 5 years of experience in journalism. It has been two and half year to associated with Network 18 Since 2023. Currently Working as a Senior content Editor at Network 18. Here, I am cover…और पढ़ें



Source link

Write A Comment