Virat Kohli Superfood Salad Recipe: क्रिकेटर विराट कोहली अपनी बैलेंस्ड वेजिटेरियन डाइट के लिए जाने जाते हैं. सलाद से लेकर सूप और एनर्जी ड्रिंक्स तक, उनके हर दिन के खाने में प्रोटीन और जरूरी पोषक तत्व भरपूर होते हैं, जो उन्हें मैदान के अंदर और बाहर एक्टिव और एनर्जेटिक बनाए रखते हैं. उनका एक सबसे पसंदीदा सुपरफूड समर सलाद है, जो दिल्ली के उनके रेस्टोरेंट One8 Commune में Virat’s Favourite का हिस्सा भी है. यह सलाद स्वादिष्ट और हाइड्रेटिंग है, जिसमें सब्जियां, मौसमी फल, नट्स, ऑयल और बीज शामिल होते हैं. इसमें हेल्दी फैट्स और पानी की मात्रा भी ज्यादा होती है. आइए जानते हैं सुपरफूड समर सलाद की रेसिपी और फायदे…
सुपरफूड समर सलाद के लिए सामग्री
1 कप रॉकेट लीव्स, 1/4 कप पफ्ड क्विनोआ, 1/4 कप रोस्टेड बेल पेपर, 1 छोटी कटोरी कटे हुए तरबूज, 2 टेबलस्पून कद्दू के बीज, 2 टेबलस्पून काजू
ड्रेसिंग के लिए: 2 टेबलस्पून ऑलिव ऑयल, 1 टीस्पून सिरका, 1 टीस्पून शहद, 1 टीस्पून मस्टर्ड सॉस, 1/4 टीस्पून चिली सॉस, स्वादानुसार नमक.
सुपरफूड समर सलाद बनाने की विधि
स्टेप 1: सलाद ड्रेसिंग के लिए एक बाउल में ऑलिव ऑयल, सिरका, शहद, मस्टर्ड सॉस और चिली फ्लेक्स डालें. इनको अच्छे से मिला लें और फिर स्वादानुसार नमक डाल लें.
स्टेप 2: अब 1 कप पानी उबालें और उसमें क्विनोआ डालें. गैस धीमी कर दें और करीब 10 मिनट तक पकने दें. स्वादानुसार नमक डालें और जब क्विनोआ फूल जाए तो अतिरिक्त पानी निकाल दें.
स्टेप 3: एक बड़े सलाद बाउल में रॉकेट लीव्स और पकी हुई क्विनोआ डालें. इस बीच बेल पेपर को सीधे आंच पर भूनें और टुकड़ों में काट लें. तरबूज के बॉल्स निकालें जब तक कि 1 कप ना हो जाए. इन सबको पफ्ड क्विनोआ और रॉकेट लीव्स के साथ सलाद बाउल में मिला लें.
स्टेप 4: पहले से तैयार ड्रेसिंग डालें और सलाद को अच्छे से टॉस करें. ध्यान रखें कि सब कुछ अच्छे से मिक्स हो जाए. ऊपर से कद्दू के बीज और टूटे हुए काजू डालकर गार्निश करें. आपका सलाद तैयार है. अब इसके मजे लें!
क्विनोआ के फायदे
यह एक कंप्लीट प्रोटीन है और शरीर के लिए जरूरी सभी नौ अमीनो एसिड्स इसमें होते हैं, जिससे यह शाकाहारियों और वेगन्स के लिए बेहतरीन विकल्प है. इसमें फाइबर, विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स भी भरपूर होते हैं, जो संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हैं. यह बीज होते हुए भी अनाज की तरह खाया जाता है और अपने पोषक तत्वों के कारण सुपरफूड माना जाता है. क्विनोआ नेचुरली ग्लूटन-फ्री है, इसलिए ग्लूटन इनटॉलरेंस या सीलिएक डिजीज वाले लोगों के लिए गेहूं के अनाज का अच्छा विकल्प है. इसमें मैग्नीशियम, आयरन, पोटैशियम, फॉस्फोरस और जिंक जैसे जरूरी मिनरल्स के साथ-साथ बी विटामिन्स भी होते हैं, जो एनर्जी मेटाबोलिज्म को सपोर्ट करते हैं.
तरबूज के फायदे
तरबूज एक हाइड्रेटिंग समर फ्रूट है, जिसमें 90% से ज्यादा पानी होता है, जो खासकर गर्मियों में शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करता है. इसमें विटामिन सी, विटामिन ए और पोटैशियम भी भरपूर होते हैं, जो इम्युनिटी, त्वचा की सेहत और मसल्स के सही फंक्शन के लिए जरूरी हैं. इसमें लाइकोपीन भी होता है, जो एक पावरफुल एंटीऑक्सीडेंट है और सेल्स को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने और हार्ट हेल्थ को सपोर्ट करने में मदद कर सकता है.