Milk Freshness Tips: गर्मी का मौसम आते ही रसोई की सबसे बड़ी टेंशन बन जाता है दूध. सुबह ताजा उबाला गया दूध दोपहर तक खट्टा होने लगता है और कई बार चाय बनाते वक्त अचानक फट भी जाता है. खासकर जब तापमान 45 से 50 डिग्री तक पहुंच जाए, तब दूध को सुरक्षित रखना किसी चुनौती से कम नहीं लगता. कई लोग बार-बार दूध उबालते हैं, कोई उसे बाहर ही छोड़ देता है, तो कोई फ्रिज में रखने में देर कर देता है. यही छोटी-छोटी गलतियां दूध खराब होने की सबसे बड़ी वजह बनती हैं.
तेज गर्मी में बैक्टीरिया बहुत तेजी से बढ़ते हैं और दूध जल्दी खराब हो जाता है. ऐसे में अगर कुछ आसान किचन टिप्स अपना लिए जाएं तो दूध को लंबे समय तक फ्रेश रखा जा सकता है. सबसे अच्छी बात ये है कि इसके लिए आपको किसी महंगे तरीके की जरूरत नहीं पड़ेगी. सिर्फ उबालते समय और स्टोर करते वक्त थोड़ी सावधानी बरतनी होगी. आइए जानते हैं वो आसान ट्रिक्स जिनसे सड़ी गर्मी में भी दूध जल्दी नहीं फटेगा.
गर्मी में दूध जल्दी क्यों फट जाता है?
गर्मी के मौसम में तापमान काफी ज्यादा होता है. ऐसे में दूध में मौजूद बैक्टीरिया तेजी से एक्टिव हो जाते हैं, अगर दूध लंबे समय तक बाहर रखा रहे तो उसमें खटास बढ़ने लगती है. यही वजह है कि कुछ घंटों बाद दूध खराब हो जाता है. दूध जितनी देर गर्म माहौल में रहेगा, उसके खराब होने का खतरा उतना ही बढ़ेगा. इसलिए गर्मियों में दूध को संभालकर रखना बेहद जरूरी हो जाता है.
दूध उबलते ही करें ये छोटा सा काम
अगर आप चाहते हैं कि दूध लंबे समय तक फ्रेश रहे, तो उसे उबालने के बाद ज्यादा देर तक किचन में न छोड़ें. यही सबसे बड़ी गलती होती है. दूध को उबालने के बाद पहले थोड़ा ठंडा होने दें. इसके बाद तुरंत फ्रिज में रख दें, अगर जल्दी ठंडा करना हो तो दूध वाले बर्तन को ठंडे पानी से भरे बड़े बर्तन में रख सकते हैं. इससे दूध जल्दी सामान्य तापमान पर आ जाएगा और बैक्टीरिया पनपने का खतरा कम हो जाएगा.
ये आसान ट्रिक दूध को कई घंटों तक खराब होने से बचा सकती है.
उबालते समय डालें एक चुटकी बेकिंग सोडा
अगर आपके घर में दूध जल्दी फट जाता है, तो उबालते वक्त उसमें एक चुटकी बेकिंग सोडा डाल सकते हैं. ये दूध की बढ़ती खटास को बैलेंस करने में मदद करता है. ध्यान रखें कि सिर्फ एक छोटी चुटकी ही डालनी है. ज्यादा मात्रा में बेकिंग सोडा डालने से दूध का स्वाद बदल सकता है. सही मात्रा में इस्तेमाल करने पर दूध ज्यादा देर तक फ्रेश बना रहता है और फटने की संभावना भी कम हो जाती है.
बार-बार गर्म करना पड़ सकता है भारी
कई घरों में लोग पूरे दिन दूध को कई बार गर्म करते रहते हैं. ऐसा करने से दूध की क्वालिटी धीरे-धीरे खराब होने लगती है. बार-बार गर्म करने से उसका टेक्शचर बदल जाता है और दूध जल्दी फट सकता है. इससे अच्छा तरीका ये है कि जितना दूध चाहिए उतना ही अलग निकालकर गर्म करें. बाकी दूध को फ्रिज में ही रहने दें. इससे दूध ज्यादा समय तक सुरक्षित रहेगा.
दूध रखने का सही तरीका भी जान लें
दूध को स्टोर करने के लिए साफ और सूखे बर्तन का इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है. गंदे या गीले बर्तन में बैक्टीरिया जल्दी पनपते हैं, जिससे दूध जल्दी खराब हो सकता है. स्टील या कांच के बर्तन में दूध रखना ज्यादा अच्छा माना जाता है. साथ ही दूध को फ्रिज के दरवाजे में रखने के बजाय अंदर की ज्यादा ठंडी जगह पर रखें. वहां तापमान स्थिर रहता है, जिससे दूध लंबे समय तक ताजा बना रहता है.
तेज आंच पर दूध उबालना भी गलत
कई लोग जल्दी के चक्कर में दूध को तेज आंच पर उबालते हैं, लेकिन ऐसा करना नुकसानदायक हो सकता है. तेज आंच पर दूध अचानक ज्यादा गर्म हो जाता है, जिससे उसके प्रोटीन टूटने लगते हैं. इससे दूध फटने की संभावना बढ़ जाती है. दूध को हमेशा धीमी या मीडियम आंच पर उबालना चाहिए. इससे दूध सही तरीके से गर्म होता है और ज्यादा समय तक अच्छा बना रहता है.
गर्मियों में दूध बचाने के आसान टिप्स
दूध उबलने के बाद जल्दी ठंडा करके फ्रिज में रखें. बार-बार दूध गर्म करने से बचें. साफ और सूखे बर्तन का इस्तेमाल करें. स्टील या कांच के कंटेनर में दूध रखें. एक चुटकी बेकिंग सोडा डाल सकते हैं. दूध को तेज आंच पर न उबालें.