अगर आपकी रोज की पसंदीदा फिजी ड्रिंक अचानक “आउट ऑफ स्टॉक” दिखाने लगे, तो आप अकेले नहीं हैं. इन दिनों भारत के कई शहरों दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और अहमदाबाद में Diet Coke की कमी देखने को मिल रही है. दुकानों से यह धीरे-धीरे गायब हो रही है, जिससे लोगों की आदत में छोटा लेकिन महसूस होने वाला बदलाव आया है.

इसकी वजह सप्लाई की दिक्कतें, पैकेजिंग की कमी और शुगर-फ्री ड्रिंक्स की बढ़ती मांग मानी जा रही है. कम कैलोरी वाले पेय पदार्थों की लोकप्रियता बढ़ने से मांग ज्यादा हो गई है, जबकि सप्लाई उतनी नहीं है. ऐसे में सोशल मीडिया पर भी लोग इसके विकल्प ढूंढ रहे हैं, कहीं मिलने की जानकारी शेयर कर रहे हैं और अब तो घर पर इसे बनाने के तरीके भी खोज रहे हैं. यदि आप भी डाइट कोक के दीवाने हैं तो यहां इसे घर पर तैयार करने का तरीका जान लीजिए-

क्या घर पर Diet Coke बना सकते हैं?
असल स्वाद बिल्कुल कॉपी करना संभव नहीं है, क्योंकि इसकी रेसिपी कंपनी का सीक्रेट होती है. लेकिन आप इसके जैसे हल्के, कुरकुरे (क्रिस्प) और हल्के साइट्रस स्वाद के करीब जरूर पहुंच सकते हैं. इसे कॉपी करने के बजाय, उसी जैसा अनुभव बनाने की कोशिश करें. अच्छी बात यह है कि आप घर पर एक नैचुरल और टेस्टी कोला ड्रिंक बना सकते हैं.

घर पर कोला बनाने की आसान रेसिपी

स्टेप 1: बेस तैयार करें
एक बर्तन में 1 कप नारियल चीनी डालें और धीमी आंच पर गर्म करें, जब तक यह पिघलकर चिपचिपी न हो जाए.

स्टेप 2: पानी डालें
अब इसमें आधा कप पानी डालें और हल्की आंच बढ़ाकर इसे उबाल आने तक पकाएं.

स्टेप 3: फ्लेवर डालें
जब मिश्रण उबलने लगे, तो इसमें 1 बड़ी दालचीनी स्टिक, नींबू के छिलके के कुछ टुकड़े, नींबू (लाइम) के छिलके, संतरे के छिलके, ये सभी चीजें कोला जैसा खास स्वाद देती हैं.

स्टेप 4: मसाले मिलाएं
अब इसमें थोड़ा सा धनिया पाउडर और एक चुटकी जायफल डालें. इसे 5–10 मिनट तक पकने दें, ताकि स्वाद अच्छे से मिल जाए.

स्टेप 5: छानें और फ्लेवर बढ़ाएं
अब गैस बंद करें और मिश्रण को छान लें. हल्का गर्म रहने पर इसमें 1 चम्मच वनीला एक्सट्रैक्,
आधा चम्मच बिटर्स डालें. यह स्वाद को और बेहतर बनाता है.

स्टेप 6: ठंडा करें
इसे करीब 30 मिनट ठंडा होने दें. अब आपका कोला सिरप तैयार है.

स्टेप 7: ड्रिंक बनाएं
1 हिस्सा कोला सिरप और 3 हिस्से ठंडा सोडा या स्पार्कलिंग वाटर मिलाएं. हल्के से मिलाकर बर्फ डालें. आपको एक फ्रेश, हल्की मसालेदार और साइट्रस फ्लेवर वाली ड्रिंक मिलेगी. स्वाद बिल्कुल बाजार जैसा नहीं होगा, लेकिन काफी करीब और ज्यादा नैचुरल जरूर होगा.



Source link

Write A Comment