HowTo Make Avocado Oil At Home : आज के समय में हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना केवल एक ट्रेंड नहीं, बल्कि जरूरत बन चुका है. लोग अपनी डाइट और रोज़मर्रा के कामों में ऐसे विकल्प शामिल कर रहे हैं, जो उनके शरीर को अंदर से मज़बूत बनाते हैं और साथ ही, उनकी बाहरी खूबसूरती भी बढ़ाते हैं. ऐसा ही एक विकल्प है एवोकैडो ऑयल, जो अपनी बेहतरीन पौष्टिक खूबियों और कई तरह से इस्तेमाल होने की वजह से तेज़ी से लोकप्रिय हो रहा है. यह तेल हेल्दी फैट्स, एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन्स से भरपूर होता है, जो न सिर्फ़ दिल की सेहत को बेहतर बनाता है, बल्कि त्वचा और बालों को भी पोषण देता है. ऐसे में आइए जानते हैं घर पर कैसे बनाएं एवोकैडो का तेल?
कैसे बनाएं एवोकैडो का तेल-
स्टेप 1. एवोकैडो का तेल बनाने के लिए सबसे पहले 3–4 पके हुए एवोकाडो लें. ध्यान रखें कि फल नरम और पूरी तरह पका हुआ हो, तभी उससे तेल अच्छी मात्रा में निकलेगा. अब एवोकाडो को बीच से काटकर उसका गूदा निकाल लें और बीज हटा दें. इसके बाद इस गूदे को मिक्सर में डालकर स्मूद पेस्ट बना लें. कोशिश करें कि इसमें पानी न मिलाएं, क्योंकि पानी मिलाने से तेल अलग होने में दिक्कत हो सकती है.
स्टेप 2. अब एक नॉन-स्टिक पैन को मध्यम आंच पर गर्म करें और उसमें यह पेस्ट डाल दें. इसे धीरे-धीरे चलाते रहें. कुछ ही देर में पेस्ट गाढ़ा होने लगेगा और उसका रंग हल्का भूरा होने लगेगा. यही वह प्रक्रिया है, जिसमें से तेल निकलना शुरू होता है.
स्टेप 3. जब पेस्ट पूरी तरह पक जाए और उसमें से तेल अलग दिखाई देने लगे, तो गैस बंद कर दें. अब इस मिश्रण को ठंडा होने दें.
स्टेप 4. ठंडा होने के बाद एक साफ सूती कपड़े या मलमल के कपड़े में इस पेस्ट को डालें और अच्छी तरह निचोड़ लें. इससे सारा तेल बाहर निकल आएगा.
स्टेप 5. निकले हुए तेल को एक साफ और सूखी कांच की बोतल में भरकर स्टोर करें. इसे ठंडी और अंधेरी जगह पर रखें, ताकि इसकी गुणवत्ता बनी रहे.
स्टेप 6. घर पर बना एवोकाडो ऑयल पूरी तरह नेचुरल और केमिकल-फ्री होता है. आप इसका इस्तेमाल कुकिंग, स्किन केयर या हेयर केयर के लिए कर सकते हैं.
एवोकाडो के फायदे
अब बाजार से महंगा तेल खरीदने की बजाय इस आसान तरीके से घर पर ही हेल्दी एवोकाडो ऑयल बनाएं और उसके फायदों का पूरा लाभ उठाएं. एवोकाडो का तेल त्वचा, बालों और हृदय स्वास्थ्य के लिए एक बेहतरीन पौष्टिक तेल है, जो विटामिन E और स्वस्थ फैट से भरपूर होता है. यह त्वचा को मॉइस्चराइज करता है, बालों को मजबूती देता है, और खाना पकाने के लिए उच्च स्मोक पॉइंट प्रदान करता है.
( Disclaimer : इस खबर में दी गई जानकारी और सलाह विशेषज्ञों से हुई बातचीत पर आधारित है. ये सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए किसी भी सलाह को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें. किसी भी नुकसान के लिए न्यूज-18 जिम्मेदार नहीं रहेगा.