Moringa Leaves Paratha Recipe: गर्मी का मौसम आते ही खाने-पीने की आदतें खुद बदलने लगती हैं. कोई हल्का खाना चाहता है, तो कोई ऐसा ऑप्शन ढूंढता है जो पेट को ठंडक दे और शरीर को थकान से बचाए. इसी बीच एक देसी लेकिन थोड़ा अनदेखा सुपरफूड फिर से चर्चा में आ रहा है-मोरिंगा यानी सहजन के पत्ते. आमतौर पर लोग इसकी फली खाते हैं, लेकिन इसके पत्तों में भी कमाल की ताकत छुपी होती है, अगर इन्हें रोजमर्रा के खाने में शामिल कर लिया जाए, तो सेहत और स्वाद दोनों का फायदा मिल सकता है. अब सोचिए, अगर इन पत्तों से बने गरमा-गरम पराठे मिल जाएं तो बात ही अलग हो जाती है. बाहर से क्रिस्पी, अंदर से सॉफ्ट और हर बाइट में हल्का मसालेदार फ्लेवर-यही खासियत है मोरिंगा पराठों की.
ये ना सिर्फ पेट को हल्का रखते हैं बल्कि शरीर को अंदर से ठंडा भी महसूस कराते हैं. खास बात ये है कि ये रेसिपी बहुत आसान है और घर में मौजूद चीजों से ही बन जाती है, अगर आप भी इस गर्मी कुछ नया और हेल्दी ट्राय करना चाहते हैं, तो ये पराठे आपकी किचन लिस्ट में जरूर होने चाहिए.
क्या है मोरिंगा और क्यों है खास
मोरिंगा के पत्तों को आजकल सुपरफूड कहा जाता है, और ये कोई ट्रेंड भर नहीं है. इसमें आयरन, कैल्शियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट अच्छी मात्रा में मिलते हैं. ये शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं और गर्मी में होने वाली कमजोरी को भी कम करते हैं. जो लोग जल्दी थक जाते हैं या जिन्हें हल्का खाना पसंद है, उनके लिए ये एक बढ़िया ऑप्शन बन सकता है.
सामग्री
-2 कप गेहूं का आटा
-1 कप मोरिंगा के पत्ते (धोकर कटे हुए)
-1 बारीक कटा प्याज
-1 हरी मिर्च
-1 छोटा चम्मच अजवाइन
-1/2 छोटा चम्मच हल्दी
-1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च
-स्वाद के अनुसार नमक
-1 छोटा चम्मच दही
-घी या तेल
-पानी जरूरत के अनुसार
बनाने की आसान विधि
सबसे पहले मोरिंगा के पत्तों को अच्छे से धोकर बारीक काट लें. अब एक बड़े बर्तन में आटा डालें और उसमें ये कटे हुए पत्ते, प्याज, हरी मिर्च और सारे मसाले डाल दें. अब इसमें थोड़ा दही मिलाएं और धीरे-धीरे पानी डालते हुए नरम आटा गूंध लें. आटा ज्यादा सख्त न हो, इसका ध्यान रखें. इसे 10 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें ताकि सेट हो जाए. अब छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पराठे बेल लें. तवा गरम करें और पराठे को दोनों तरफ से सेकें. ऊपर से थोड़ा घी लगाएं और तब तक पकाएं जब तक ये सुनहरे और हल्के क्रिस्पी न हो जाएं. गरमा-गरम पराठों को दही या हरी चटनी के साथ सर्व करें.
परफेक्ट टेस्ट के लिए टिप्स
हमेशा ताजे पत्तों का इस्तेमाल करें, ज्यादा मसाले न डालें, वरना असली स्वाद दब जाएगा, बच्चों के लिए मिर्च कम रखें, आटे में थोड़ा सा बेसन मिलाने से टेस्ट और बेहतर हो सकता है.
सेहत के फायदे
मोरिंगा पराठे सिर्फ स्वाद ही नहीं, सेहत में भी कमाल करते हैं. ये शरीर को ठंडक देते हैं और पाचन को बेहतर बनाते हैं. जिन लोगों को कमजोरी या थकान महसूस होती है, उनके लिए ये काफी फायदेमंद हो सकते हैं. इसके अलावा ये इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में मदद करते हैं और वजन कंट्रोल करने वालों के लिए भी अच्छा ऑप्शन हैं.