Last Updated:

Sidhi News: सत्तू के लड्डुओं (Sattu Laddu Benefits) की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये स्वादिष्ट होने के साथ शरीर के लिए काफी लाभकारी भी होते हैं. सत्तू में भरपूर मात्रा में प्रोटीन, आयरन और फाइबर पाया जाता है, जो शरीर को ताकत देने के साथ-साथ लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है.

सीधी. गर्मी के मौसम में लोग अब हेल्दी और देसी खानपान की तरफ तेजी से लौट रहे हैं. खासकर ऐसे फूड्स की डिमांड बढ़ रही है, जो स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को ठंडक और भरपूर पोषण भी दें. इसी बीच बघेलखंड का पारंपरिक सत्तू एक बार फिर लोगों की पसंद बनता जा रहा है. अब सत्तू से बिना चीनी और बिना चाशनी के हेल्दी मीठे लड्डू भी तैयार किए जा रहे हैं, जो फिटनेस पसंद लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं. सीधी निवासी प्रियंका सिंह ने लोकल 18 से कहा कि सत्तू के लड्डू बनाना बेहद आसान है और इसके लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती. सबसे पहले एक बर्तन में सत्तू लेकर उसे हल्के देसी घी में अच्छे से भून लिया जाता है. इससे सत्तू की खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं. इसके बाद इसमें बारीक पिसा हुआ गुड़ या खजूर का पेस्ट मिलाया जाता है. ये दोनों चीजें नैचुरल स्वीटनर का काम करती हैं और बिना रिफाइंड शुगर के लड्डू को मिठास देती हैं.

प्रियंका सिंह के मुताबिक, इसके बाद मिश्रण में थोड़ा देसी घी मिलाया जाता है ताकि लड्डू आसानी से बंध जाएं. स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए इलायची पाउडर डाला जाता है. साथ ही बारीक कटे हुए बादाम, काजू और पिस्ता जैसे ड्राईफ्रूट्स मिलाए जाते हैं. इससे लड्डू का स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाते हैं.

मिलाएं घी या दूध की कुछ बूंदें
उन्होंने कहा कि सभी चीजों को हाथों से अच्छी तरह मिलाना जरूरी होता है ताकि मिश्रण अच्छे से बाइंड हो जाए. अगर मिश्रण ज्यादा सूखा लगे, तो उसमें थोड़ा घी या दूध की कुछ बूंदें भी मिलाई जा सकती हैं. इसके बाद मिश्रण को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर गोल आकार में लड्डू तैयार किए जाते हैं. कुछ ही मिनटों में हेल्दी और स्वादिष्ट सत्तू लड्डू बनकर तैयार हो जाते हैं.

मजबूत होता है पाचन तंत्र
इन लड्डुओं की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये स्वादिष्ट होने के साथ शरीर के लिए काफी फायदेमंद भी होते हैं. सत्तू में भरपूर मात्रा में प्रोटीन, फाइबर और आयरन पाया जाता है, जो शरीर को ताकत देने के साथ लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है. वहीं गुड़ और खजूर शरीर को तुरंत एनर्जी देने का काम करते हैं और पाचन तंत्र को भी बेहतर बनाते हैं.

शरीर को ठंडक पहुंचाता सत्तू
गर्मी के मौसम में ये लड्डू खासतौर पर फायदेमंद माने जा रहे हैं. दरअसल सत्तू शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है और डिहाइड्रेशन से बचाने में भी सहायक होता है. यही वजह है कि अब लोग बाजार की मिठाइयों की जगह घर में बने हेल्दी सत्तू लड्डू को ज्यादा पसंद कर रहे हैं.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link

Write A Comment