Punjabi Soya Chaap Recipe: उत्तर प्रदेश के आगरा में कई तरह के फ़ूड लवर रहते है. होटल-रेस्टोरेंट में लोगों की अच्छी खासी भीड़ देख कर भी इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है. वहीं दूसरी तरफ शाम होते ही बाजारों में खाने पीने के स्टॉल पर भी लोगों को देखा जा सकता है. आगरा में सोया चाप बहुत मशहूर है. लोगों को सोया चाप काफी पसंद भी आती है. यदि आप भी सोया चाप खाने के दीवाने है तो आज हम आपको एकदम होटल स्टाइल में पंजाबी सोया चाप रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं. इसके लिए आप बाज़ार से बनी हुई सोया चाप खरीद कर ला सकते है और अब अपनी पसंद कि पंजाबी सोया चाप बनाना शुरू कर सकते है.

सोया चाप को उबाल कर कर लें फ्राई
पंजाबी सोया चाप बनाने के लिए सबसे पहले उन्हें साफ बर्तन में पानी में उबाल लें, जिससे उसकी परतें खुल जाएं और ग्रेवी उसके अंदर तक समा जाये. सोया चाप को उबालने का दूसरा फायदा है कि इसमें स्टिक को आसानी से बाहर निकाला जा सकता है. ध्यान रहे कि चाप को ज्यादा नहीं उबालना है बस मध्यम गैस पर दो उबाल आते ही गैस बंद कर दें और चाप को थोड़ा ठंडा होने का इंतजार करें.

चाप ठंडी होने के बाद सबसे पहले उसमे लगी लकड़ी कि स्टिक हल्के हाथों से निकाल लें ध्यान रहे. इस दौरान कहीं आपकी चाप डैमेज ना हो जाएं. इसलिए हल्के हाथों का इस्तेमाल करें. स्टिक निकाल कर फेंक दें और सोया चाप किसी साफ बर्तन में निकाल लें. इसके बाद सोया चाप के चाकू की मदद से अपने हिसाब से छोटे या बड़े टुकड़े कर लें. ज्यादा छोटे ना करें अन्यथा सब्जी को देखने में मज़ा नहीं आएगा. यह सब करने के बाद चाप में कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, थोड़ी सी हल्दी पाउडर और थोड़ा सा नमक डाल लें सभी को अच्छे से हल्के हाथों से मिक्स कर लें जिससे यह मसाला उनपर अच्छे से चढ़ जाये.

मैरिनेशन और फ्राई करने का तरीका
करीब 5 मिनट बाद इसे किसी तेल या घी में फ्राई कर लें, इसके लिए आप सरसों का तेल या देशी घी भी इस्तेमाल कर सकते है. तेल का आप अपने स्वाद के अनुसार चयन कर सकते है. तेल या घी गर्म होते ही धीरे-धीरे उसमे कटे हुए चाप डाल दें. थोड़ी देर उसे हिलाते रहे जिससे चाप जले या बर्तन में चिपके नहीं. जैसे ही चाप ब्राउन कलर की दिखने लगे आप गैस को बंद कर दें. अब आपकी चाप एकदम बढ़िया फ्राई हो चुकी है उसे बर्तन में निकाल लें. आप देखेंगे आपकी चाप का रंग खिल गया है और इसकी अंदर तक की परत खुल गई है. अब आपकी चाप रेडी है, अब ग्रेवी की तैयारी करनी है.

खड़े मसाले और चटपटी ग्रेवी देती है पंजाबी लुक
सोया चाप ग्रेवी बनाने के लिए आप कोई साफ बर्तन जैसे कढ़ाई ले सकते है. इसमें तेल या घी को डाल लें अब उसे गर्म होने दें मध्यम आंच में घी या तेल गर्म होते ही उसमे 2 तेजपात के पत्ते, 2 छोटी इलायची, 2 बड़ी इलायची, 5 लौंग, 5 काली मिर्च, दालचीनी, थोड़ा सा जीरा डालें. अब मसालों को अच्छे से पका लें जब तक इसका स्वाद तेल में नहीं आ जाता है. गैस को कम ही रहने दें जैसे ही मसाले पक जाते है इसमें प्याज़ के पेस्ट डाल कर अच्छे से मिक्स करते रहना है.

तैयार करें स्पेशल मसाला मिक्स
यदि मसाले बर्तन में चिपक रहे है तो थोड़ा सा गर्म पानी ऐड कर लें और मसालों को प्याज़ के साथ भुनें. जैसे ही यह हल्की सी ब्राउन दिखे आप इसमें अदरक, लहसुन और हरी मिर्च का पेस्ट डाल कर मिक्स करना शुरू कर दें. मसालों को अच्छे से मिक्स करते हुए पकाएं. कई बार लोग पंजाबी सोया चाप में अदरक, लहसुन और मिर्च पेस्ट नहीं डालते है लेकिन हमने इस्तेमाल किया है आप भी स्वाद के अनुसार इसका चयन कर सकते है.

जैसे ही मसाले पक जाएं तो इसमें थोड़ा गर्म पानी ऐड करते हुए टमाटर का पेस्ट डाल देना है. हल्का उबाल आते ही इसे मिक्स कर लें अब इसमें मसालों को ऐड कर लें. मसालों में लाल मिर्च, धनिया पाउडर, किचन किंग मसाला, थोड़ा सा पुदीना पाउडर, कस्तूरी मेथी, गरम मसाला और स्वाद अनुसार नमक ऐड करके उसे अच्छे से मिक्स कर लें.

अंतिम चरण: तैयार है लजीज पंजाबी चाप
आप देखेंगे कि थोड़ी ही देर में लाल मसाले ऊपर की ओर आने लगेंगे अब आप इसमें तैयार की हुई सोया चाप डाल लें और अच्छे से मिक्स कर लें. यदि ग्रेवी गाढ़ी है तो अपने हिसाब से पानी ऐड कर लें ध्यान रहे कि ज्यादा पानी ना डाले इससे ग्रेवी बहुत पतली हो जाएगी. अब मिक्स करने के बाद थोड़ी देर ग्रेवी को पकने दें. करीब 5-7 मिनट बाद आप देखेंगे कि ग्रेवी चाप के साथ अच्छे से पक गई है. इसमें हरा ताज़ा धनिया ऐड करें और आपकी पंजाबी सोया चाप तैयार है इसे अब आप अपने परिवार और दोस्तों को परोस सकते है.



Source link

Write A Comment