Last Updated:
Mango Different Name: आम को फलों का राजा कहा जाता है और शायद ही ऐसा कोई हो, जिसे आम पसंद नहीं हों. इसका स्वाद बिल्कुल मन को भाने वाला होता है, जो सीधे आत्मा तक पहुंचता है. देश में आम की कई किस्में पाई जाती हैं, जिन्हें लोग बहुत पसंद करते हैं. देश में आम कई नामों से प्रसिद्ध हैं.
मध्य प्रदेश के चंबल अंचल में गर्मियों का मौसम आते ही बाजारों में आम की खुशबू फैल जाती है. छोटे हों या बड़े, हर किसी की जुबान पर सबसे पहले आम का ही नाम आता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बाजार में बिकने वाले कुछ आमों के नाम इतने मजेदार और अजीब होते हैं कि सुनते ही लोगों के चेहरे पर हंसी आ जाती है. कई बार लोग नाम सुनकर चौंक जाते हैं और पूछ बैठते हैं कि आखिर ऐसा नाम क्यों रखा गया. आइए जानते हैं आम की ऐसी पांच मजेदार वैरायटी के बारे में.
1. तोतापरी आम
यह नाम सुनते ही लोगों को तोते की याद आ जाती है. दरअसल इस आम का अगला हिस्सा तोते की चोंच जैसा नुकीला होता है, इसलिए इसका नाम तोतापरी पड़ा. इसका स्वाद हल्का खट्टा-मीठा होता है. इसे ज्यादातर जूस और सलाद में इस्तेमाल किया जाता है.
2. लंगड़ा आम
नाम सुनकर हर कोई मुस्कुरा देता है कि भला आम भी लंगड़ा होता है क्या? कहते हैं कि वाराणसी के एक किसान के बाग में यह आम पहली बार उगा था और किसान चलने में लंगड़ाते थे, इसलिए इसका नाम लंगड़ा पड़ गया. इसका स्वाद बेहद मीठा और रसीला होता है.
3. दशहरी आम
इस नाम को सुनकर लोग सोचते हैं कि क्या इसका दशहरे से कोई रिश्ता है. लेकिन असल में उत्तर प्रदेश के दशहरी गांव में इसकी पैदावार शुरू हुई थी, इसलिए इसका नाम दशहरी पड़ा. यह आम खुशबूदार और बेहद मीठा होता है.
4. सफेदा आम
यह नाम सुनते ही लोग सोचते हैं कि क्या यह सफेद रंग का होता होगा. जबकि इसका गूदा हल्का पीला और बेहद मुलायम होता है. इसका नाम इसकी चिकनी और साफ दिखने वाली बाहरी सतह की वजह से पड़ा. स्वाद इतना मीठा कि एक बार खाने के बाद बार-बार खाने का मन करे.
5. चौसा आम
नाम सुनते ही लगता है जैसे किसी गांव या कस्बे का नाम हो. सच भी यही है. बिहार के चौसा इलाके में इसकी शुरुआत हुई थी. यह आम बेहद रसदार होता है और चूसकर खाने में मजा आता है, इसलिए लोग इसे बड़े चाव से खाते हैं.
इन आमों के नाम भले ही अजीब लगते हों, लेकिन स्वाद के मामले में ये किसी से कम नहीं हैं. चंबल क्षेत्र के बाजारों में इन दिनों ये सभी वैरायटी खूब बिक रही हैं. लोग नाम सुनकर हंसते जरूर हैं, लेकिन एक बार स्वाद चख लें तो बार-बार खरीदने पहुंच जाते हैं. यही वजह है कि आम को फलों का राजा कहा जाता है.
About the Author
गोविन्द सिंह जनवरी 2026 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर Senior Sub Editor कार्यरत हैं, जहां वह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ स्टेट टीम का हिस्सा हैं. किस्सागोई के अंदाज में खबरें पेश कर…और पढ़ें