Last Updated:
Bharwa Karela Recipe: करेला की सब्जी कई लोगों को पसंद नहीं होती है, क्योंकि उसमें कुछ कड़वाहट रह जाती है. अगर आप सही तरीके से भरवां करेले बनाएं, तो उनका स्वाद बच्चों को भी पसंद आएगा. करेला सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है और इसका सेवन करने से शरीर को कई गजब के फायदे मिल सकते हैं.
भरवां करेला बनाने की रेसिपी बहुत आसान है.
Stuffed Karela Recipe: करेला एक ऐसी सब्जी है, जिसे अक्सर लोग उसकी कड़वाहट की वजह से पसंद नहीं करते हैं. खासकर बच्चे तो करेला से पूरी तरह दूरी बना लेते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो करेला खाना सेहत के लिए बेहद लाभकारी है. अगर करेले को सही तरीके से और मसालों के साथ पकाया जाए, तो इसका स्वाद इतना बेहतरीन हो जाता है कि हर कोई इसे शौक से खाता है. मसालेदार भरवां करेला एक ऐसी ही डिश है, जो स्वाद और सेहत दोनों का संतुलन बनाए रखती है और खाने वालों को इसका कड़वापन महसूस भी नहीं होने देती. एक बार आप भरवां करेले बनाकर जरूर ट्राई करें.
भरवां करेले बनाने की आसान रेसिपी
भरवां करेले बनाने के लिए सबसे पहले मध्यम आकार के ताजा करेले लें और उन्हें अच्छे से धोकर हल्का छील लें. इसके बाद हर करेले में लंबाई में चीरा लगाकर उसके अंदर के बीज निकाल दें. अब इन पर थोड़ा नमक लगाकर 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि इनकी कड़वाहट बाहर निकल जाए. इसके बाद करेले को साफ पानी से धोकर अलग रख दें, जिससे वे भरने के लिए तैयार हो जाएं.
अब भरावन के लिए एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें बारीक कटे हुए प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद इसमें सौंफ, धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर और नमक डालें. मसालों के अच्छे से भुन जाने के बाद इसमें थोड़ा बेसन मिलाकर हल्का सा भून लें, जिससे भरावन को अच्छा टेक्सचर और स्वाद मिल सके. चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा नींबू रस भी मिला सकते हैं.
जब भरावन ठंडा हो जाए, तो इसे तैयार किए हुए करेले के अंदर अच्छी तरह भर दें. अगर जरूरत लगे तो करेलों को धागे से हल्का बांध सकते हैं, ताकि पकाते समय मसाला बाहर न निकले. यह स्टेप डिश की खूबसूरती और स्वाद दोनों को बनाए रखने में मदद करता है और करेलों को एक अच्छा शेप देता है.
इसके बाद एक पैन में थोड़ा तेल डालकर भरे हुए करेलों को धीमी आंच पर पकाएं. बीच-बीच में उन्हें पलटते रहें, ताकि वे चारों तरफ से अच्छे से सिक जाएं और उनका रंग सुनहरा हो जाए. लगभग 20 से 25 मिनट में करेले पूरी तरह तैयार हो जाते हैं. धीमी आंच पर पकाने से मसाले करेले के अंदर तक अच्छी तरह समा जाते हैं.
अब मसालेदार भरवां करेला गरमागरम रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ परोसा जा सकता है. यह डिश न केवल स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है. करेला ब्लड शुगर कंट्रोल करने, पाचन सुधारने और शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है. एक बार अगर इसे सही तरीके से बनाया जाए तो बच्चे भी इसे चाव से खा लेते हैं.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें