Last Updated:
Eggless Omelette Recipe: अगर आप बिना अंडे के हेल्दी और टेस्टी नाश्ता बनाना चाहते हैं, तो बेसन, सूजी और सब्जियों से वेज ऑमलेट तैयार कर सकते हैं. अगर आप अंडा नहीं खाते हैं, तो वेज ऑमलेट का आनंद ले सकते हैं. यह रेसिपी जल्दी बनती है, पौष्टिक होती है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकती है.
बेसन, सूजी और सब्जियों से वेज ऑमलेट बना सकते हैं.
Veg Omelette Recipe Hindi: ऑमलेट कई लोगों का फेवरिट ब्रेकफास्ट होता है और यह आमतौर पर अंडे से बनाई जाती है. अगर आप अंडा नहीं खाते हैं, लेकिन ऑमलेट का आनंद लेना चाहते हैं, तो यह भी पॉसिबल है. जी हां, अब बिना अंडे वाला वेज ऑमलेट भी लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. वेज ऑमलेट न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि हेल्दी और जल्दी बनने वाला नाश्ता भी माना जाता है. सुबह की भागदौड़ में कम समय में बनने वाली यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकती है. इसे बनाना भी बेहद आसान है और सेहत के लिए भी यह फायदेमंद होती है.
बिना अंडे के ऑमलेट कैसे तैयार होता है?
वेज ऑमलेट में अंडे की जगह कुछ ऐसी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है, जो उसका टेक्सचर और स्वाद काफी हद तक ऑमलेट जैसा बना देते हैं. बेसन इसका मुख्य आधार होता है, जबकि सूजी और दही इसे हल्का, सॉफ्ट और स्वादिष्ट बनाते हैं. इसमें डाली जाने वाली सब्जियां और मसाले इसे और ज्यादा हेल्दी और चटपटा बना देते हैं.
इन 5 चीजों से बनाएं वेज ऑमलेट
बेसन वेज ऑमलेट की सबसे जरूरी सामग्री है. इसमें प्रोटीन अच्छी मात्रा में पाया जाता है और यह बैटर को सही गाढ़ापन देने में मदद करता है. बेसन की वजह से ऑमलेट का टेक्सचर काफी हद तक अंडे जैसा महसूस होता है. सूजी डालने से ऑमलेट हल्का कुरकुरा बनता है और इसका स्वाद भी बेहतर हो जाता है. यह बैटर को अच्छी बाइंडिंग देने में मदद करती है. दही ऑमलेट को नरम और फूला हुआ बनाता है. साथ ही इसकी हल्की खटास स्वाद को और मजेदार बना देती है. बारीक कटे प्याज और टमाटर ऑमलेट में फ्रेशनेस और जूसी फ्लेवर जोड़ते हैं. चाहें तो इसमें शिमला मिर्च, गाजर, हरी मिर्च और हरा धनिया भी मिला सकते हैं. नमक, लाल मिर्च, हल्दी और चाट मसाला जैसे मसाले वेज ऑमलेट को चटपटा स्वाद देते हैं.
वेज ऑमलेट बनाने की आसान विधि
सबसे पहले एक बड़े बाउल में 1 कप बेसन, 2 चम्मच सूजी और 2 चम्मच दही डालें. अब इसमें धीरे-धीरे पानी मिलाकर स्मूद बैटर तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल न ज्यादा पतला हो और न ज्यादा गाढ़ा. इसके बाद इसमें प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, धनिया और मसाले डालकर अच्छी तरह मिक्स करें.
अब एक नॉन-स्टिक तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल डालें. तैयार बैटर को तवे पर फैलाकर गोल आकार दें और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं. कुछ ही मिनटों में आपका स्वादिष्ट वेज ऑमलेट तैयार हो जाएगा.
अगर आप ऑमलेट को और ज्यादा पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो इसमें कद्दूकस किया हुआ गाजर, पालक या पनीर मिला सकते हैं. बच्चों के लिए ऊपर से चीज डालने पर इसका स्वाद और भी शानदार हो जाता है. इसे टोमैटो सॉस, हरी चटनी या गर्म चाय के साथ सर्व किया जा सकता है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें