Last Updated:

Bhindi Pakora Recipe: अधिकतर बच्चे भिंडी का स्वाद पसंद नहीं करते हैं, लेकिन यह सब्जी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होती है. अगर आप बच्चों को भिंडी खिलाना चाहते हैं, तो भिंडी के पकौड़े बना सकते हैं. बेसन में डुबोकर बने कुरकुरे भिंडी पकौड़े स्वाद में लाजवाब होते हैं. यह रेसिपी स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी है.

Zoom

घर पर आप आसानी से भिंडी के कुरकुरे पकौड़े बना सकते हैं.

Bhindi Pakora Recipe: भिंडी पोषक तत्वों से भरपूर सब्जी होती है, लेकिन कई लोगों को इसका स्वाद पसंद नहीं आता है. खासकर बच्चे भिंडी खाने में नखरे करते हैं. अगर उसी भिंडी को थोड़ा ट्विस्ट देकर कुरकुरे और चटपटे पकौड़ों में बदल दिया जाए, तो बच्चे स्वाद लेकर खा सकते हैं. भिंडी के पकौड़े न सिर्फ खाने में बेहद टेस्टी होते हैं, बल्कि शाम की चाय के साथ एक शानदार स्नैक भी बन जाते हैं. अगर आप भी बच्चों को हेल्दी तरीके से भिंडी खिलाना चाहते हैं, तो आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें.

भिंडी के टेस्टी पकौड़े कैसे बनाएं | How To Make Tasty Bhindi Pakoras

भिंडी के पकौड़े बनाने के लिए आपको 250 ग्राम भिंडी, 1 कप बेसन, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1/2 चम्मच हल्दी, 1/2 चम्मच अजवाइन, नमक स्वादानुसार, थोड़ा सा चाट मसाला, तलने के लिए तेल और थोड़े पानी की जरूरत होती है.

सबसे पहले भिंडी को अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सुखा लें, ताकि उसमें पानी न रहे. इसके बाद भिंडी को लंबा या गोल आकार में काट लें. अब एक बड़े बाउल में बेसन लें और उसमें लाल मिर्च, हल्दी, अजवाइन, नमक और चाट मसाला डालकर मिलाएं. धीरे-धीरे पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि बैटर ज्यादा पतला न हो.

अब कटी हुई भिंडी को बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबोएं. कढ़ाही में तेल गर्म करें और मध्यम आंच पर पकौड़ों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. अगर आप पकौड़ों को और ज्यादा क्रिस्पी बनाना चाहते हैं, तो बेसन में थोड़ा चावल का आटा मिला सकते हैं. इससे पकौड़े लंबे समय तक कुरकुरे बने रहते हैं.

बच्चों के स्वाद के लिए हल्का चाट मसाला या चीज पाउडर ऊपर से छिड़क सकते हैं. इन्हें टोमैटो सॉस, हरी चटनी या दही डिप के साथ सर्व करें. भिंडी की सामान्य सब्जी की तुलना में पकौड़ों का स्वाद ज्यादा मजेदार और स्नैक जैसा होता है. कुरकुरी लेयर और मसालेदार फ्लेवर बच्चों को काफी पसंद आता है.

सेहत के लिए फायदेमंद भिंडी के पकौड़े | Benefits of Bhindi Pakoras

हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो भिंडी स्वाद के साथ-साथ पोषण से भी भरपूर होती है. इसमें फाइबर, विटामिन C, विटामिन K, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो बच्चों की सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं. यह पाचन को बेहतर रखने और इम्यूनिटी बढ़ाने में भी मदद करती है. अगर आपके बच्चे भिंडी खाने में आनाकानी करते हैं, तो एक बार यह आसान और टेस्टी भिंडी पकौड़ा रेसिपी जरूर ट्राई करें. यह स्वाद और पोषण दोनों का शानदार कॉम्बिनेशन है. कम समय में बनने वाली यह डिश बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

About the Author

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें



Source link

Write A Comment