Rasam Rice Recipe: गर्मियों के दिनों में दोपहर का खाना चुनना कई बार मुश्किल हो जाता है. कुछ भारी खाने का मन नहीं करता और रोज-रोज वही दाल-चावल भी बोर करने लगते हैं. ऐसे में अगर प्लेट में कुछ हल्का, स्वाद से भरपूर और झटपट बनने वाला मिल जाए तो मजा ही आ जाता है. दक्षिण भारत की मशहूर डिश रसम राइस ऐसी ही एक शानदार रेसिपी है जो कम मसालों में भी जबरदस्त स्वाद देती है. इसकी खट्टी-तीखी खुशबू भूख बढ़ाने का काम करती है और इसका हल्का स्वाद गर्मी में पेट को भी आराम देता है. खास बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और घर में मौजूद चीजों से ही यह तैयार हो जाता है.
इमली, टमाटर, काली मिर्च, जीरा और लहसुन से बनने वाला रसम सिर्फ स्वाद में ही नहीं बल्कि पाचन के लिए भी काफी अच्छा माना जाता है, अगर आपके बच्चे रोज की दाल देखकर मुंह बनाने लगे हैं तो इस बार लंच में रसम राइस ट्राय करें. इसका स्वाद इतना मजेदार होता है कि बच्चे भी इसे बार-बार मांगकर खाएंगे.
क्यों खास है रसम राइस?
रसम राइस दक्षिण भारत की सबसे पसंद की जाने वाली कम्फर्ट डिश में से एक है. इसे खास तौर पर गर्मियों और बरसात के मौसम में खूब खाया जाता है. यह खाने में हल्का होता है, लेकिन स्वाद में बिल्कुल भी हल्का नहीं लगता. इसमें इस्तेमाल होने वाले मसाले शरीर को अंदर से फ्रेश महसूस कराते हैं. रसम में मौजूद काली मिर्च और जीरा पेट को आराम देते हैं, जबकि इमली इसकी खटास को बैलेंस करती है, अगर कभी भूख कम लगे या कुछ अलग खाने का मन करे तो रसम राइस बढ़िया ऑप्शन बन सकता है.
रसम राइस बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
-आधा कप इमली का पानी
-2 मध्यम आकार के टमाटर
-2 बड़े चम्मच रसम पाउडर
-आधा छोटा चम्मच हल्दी
-1 छोटा चम्मच काली मिर्च और जीरा पाउडर
-4 से 5 लहसुन की कलियां
-राई
-सूखी लाल मिर्च
-करी पत्ता
-हींग
-नमक स्वाद के मुताबिक
-बारीक कटा हरा धनिया
-स्टीम्ड राइस
ऐसे तैयार करें चटपटा रसम
1. सबसे पहले तैयार करें बेस
एक गहरे बर्तन में इमली का पानी डालें. अब इसमें कटे हुए टमाटर, हल्दी और नमक मिलाएं. इसे मध्यम आंच पर तब तक पकाएं जब तक टमाटर अच्छी तरह गल न जाएं. यही रसम का बेस तैयार करेगा.
2. अब डालें मसाले
जब टमाटर नरम हो जाएं तब इसमें रसम पाउडर, कुचला हुआ लहसुन और काली मिर्च-जीरा पाउडर डालें. अब इसमें 2 से 3 कप पानी मिलाएं, अगर आपको रसम थोड़ा पतला पसंद है तो पानी थोड़ा ज्यादा डाल सकते हैं.
3. हल्का उबाल आने दें
रसम को तेज आंच पर ज्यादा देर नहीं पकाना चाहिए. इसे धीमी आंच पर पकाएं और जैसे ही ऊपर हल्का झाग दिखने लगे, गैस धीमी कर दें. ज्यादा उबाल आने से इसका असली स्वाद कम हो सकता है.
4. तड़का लगाएगा स्वाद में जान
एक छोटे पैन में थोड़ा तेल गरम करें. इसमें राई डालें. जब राई चटकने लगे तब सूखी लाल मिर्च, करी पत्ता और चुटकीभर हींग डालें. तैयार तड़के को सीधे रसम में डाल दें. तड़का पड़ते ही इसकी खुशबू पूरे घर में फैल जाएगी.
5. ऐसे करें सर्व
तैयार रसम को ऊपर से हरे धनिये से गार्निश करें और गरमा-गरम चावल के साथ परोसें. चाहें तो साथ में पापड़ या आलू की फ्राई भी रख सकते हैं.
बच्चों को भी आएगा पसंद
कई बच्चों को दाल का स्वाद पसंद नहीं आता, लेकिन रसम का खट्टा और हल्का तीखा फ्लेवर उन्हें काफी अच्छा लगता है, अगर तीखापन कम रखा जाए तो बच्चे इसे मजे से खा लेते हैं. आप चाहें तो इसमें थोड़ा घी डालकर भी सर्व कर सकते हैं, इससे स्वाद और बढ़ जाता है.
गर्मियों के लिए परफेक्ट लंच
रसम राइस पेट पर भारी नहीं पड़ता और इसे खाने के बाद सुस्ती भी महसूस नहीं होती. यही वजह है कि गर्मियों में लोग इसे ज्यादा पसंद करते हैं. ऑफिस लंच या घर के हल्के खाने के लिए यह एकदम सही डिश है.