Last Updated:

Kheera Raita Recipe: खीरे का रायता अपने खास स्वाद के लिए प्रसिद्ध है. दही, ताजे खीरे, मसालों और सरसों के तड़के से तैयार यह पारंपरिक व्यंजन गर्मियों में खूब पसंद किया जाता है. साधारण रायते से अलग इसका स्वाद हल्का तीखा और चटपटा होता है. यह खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ पाचन में भी मददगार माना जाता है. जानें रेसिपी…

Food Recipe: भीषण गर्मी के मौसम में लोग अक्सर ऐसे भोजन की तलाश करते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ शरीर को ठंडक भी पहुंचाए. खासकर मध्य प्रदेश क्षेत्र में गर्मियों के दौरान दही से बने व्यंजन लोगों की पहली पसंद बन जाते हैं. इन्हीं पारंपरिक व्यंजनों में एक है बघेलखंड का खास तड़का वाला खीरा रायता, जिसे यहां के लोग बड़े चाव से खाते हैं.

बघेलखंड क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग मेहनत-मजदूरी और खेतों में काम करने से जुड़े हैं. सुबह टिफिन लेकर काम पर निकलना और दोपहर में हल्का लेकिन स्वादिष्ट भोजन करना यहां की दिनचर्या का हिस्सा है. ऐसे में चावल के साथ खाया जाने वाला तड़का वाला खीरा रायता लोगों को स्वाद के साथ गर्मी से राहत भी देता है. यही वजह है कि यह व्यंजन वर्षों से यहां की रसोई का अहम हिस्सा बना हुआ है.

ऐसे तैयार करें ढाबा टाइप रायता
सीधी की रसोइया प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को बताया कि इस रायते की सबसे बड़ी खासियत इसका देसी स्वाद और इसकी सादगी है. इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और बहुत कम सामग्री में यह आसानी से तैयार हो जाता है. सबसे पहले ताजे खीरे को अच्छी तरह धोकर कद्दूकस किया जाता है. खीरा शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है और गर्मियों में इसे खाना बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसके बाद कद्दूकस किए गए खीरे में ताजा दही मिलाया जाता है. दही शरीर को ठंडा रखने के साथ पाचन को भी बेहतर बनाता है. फिर इसमें स्वादानुसार सादा नमक, काला नमक और भुना हुआ जीरा मसाला डाला जाता है। ये मसाले रायते के स्वाद को और भी बढ़ा देते हैं.

तड़का लगाने का खास तरीका
इस व्यंजन की सबसे खास प्रक्रिया इसका तड़का है. बघेलखंड में सरसों तेल के बिना स्वाद अधूरा माना जाता है. ऐसे में एक छोटे पैन में सरसों का तेल गर्म किया जाता है. फिर उसमें सरसों के दाने, करी पत्ता और सूखी लाल मिर्च डाली जाती है. जब तड़का खुशबूदार हो जाता है तो उसे रायते के ऊपर डालकर अच्छी तरह मिला दिया जाता है। यही तड़का इस रायते को साधारण रायते से अलग बनाता है.

मिनटों में रायता तैयार
कुछ ही मिनटों में तैयार होने वाला यह रायता चावल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है. गर्मियों में यह शरीर को ठंडक देने के साथ थकान और बेचैनी भी दूर करता है. आज भले ही लोग फास्ट फूड की ओर आकर्षित हो रहे हों, लेकिन बघेलखंड के पारंपरिक व्यंजन आज भी अपनी सादगी और स्वाद के कारण लोगों के दिलों में खास जगह बनाए हुए हैं.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link

Write A Comment