Lentil Bread Recipe: आजकल लोग हेल्दी खाने की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं. कोई वजन कम करने में लगा है तो कोई अपनी डाइट से मैदा और ज्यादा कार्ब्स हटाना चाहता है. ऐसे में सबसे बड़ी दिक्कत आती है ब्रेड जैसी चीजों को छोड़ने की, क्योंकि सुबह का नाश्ता हो या शाम की हल्की भूख, ब्रेड कई लोगों की रोजमर्रा की आदत बन चुकी है, लेकिन बाजार में मिलने वाली ज्यादातर ब्रेड मैदा से तैयार होती हैं, जो शरीर को ज्यादा फायदा नहीं देतीं. कुछ लोग आटे वाली ब्रेड चुनते हैं, मगर उसमें भी उतना प्रोटीन नहीं होता जितना फिटनेस डाइट में चाहिए होता है, अगर आप भी कुछ ऐसा ढूंढ रहे हैं जो हेल्दी हो, पेट को लंबे समय तक भरा रखे और स्वाद में भी अच्छा लगे, तो मसूर दाल से बनी हाई-प्रोटीन ब्रेड आपके लिए शानदार ऑप्शन हो सकती है.
खास बात ये है कि इसे बनाने में न मैदा लगता है और न ही आटा. ये ब्रेड ग्लूटेन-फ्री होने के साथ प्रोटीन से भरपूर होती है. इसका स्वाद इतना अच्छा होता है कि बच्चे से लेकर बड़े तक आराम से खा सकते हैं. सुबह चाय के साथ, सूप के साथ या फिर हेल्दी स्नैक के तौर पर भी इसे खाया जा सकता है. सबसे अच्छी बात ये है कि इसे घर पर बहुत आसानी से बनाया जा सकता है.
मसूर दाल ब्रेड क्यों बन रही है इतनी पॉपुलर?
फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने वाले लोग अब ऐसी चीजों की तलाश में रहते हैं जो स्वाद और पोषण दोनों दें. मसूर दाल ब्रेड में भरपूर प्लांट-बेस्ड प्रोटीन होता है, जो शरीर को एनर्जी देने के साथ मसल्स के लिए भी अच्छा माना जाता है.
इस ब्रेड में मैदा नहीं होता, इसलिए ये पेट पर भारी नहीं लगती. वहीं इसबगोल का इस्तेमाल इसे सॉफ्ट और हल्का बनाने में मदद करता है, अगर कोई ग्लूटेन-फ्री डाइट फॉलो कर रहा है तो उसके लिए भी ये बढ़िया रेसिपी है.
मसूर दाल ब्रेड बनाने के लिए क्या चाहिए?
-150 ग्राम सूखी मसूर दाल
-2 बड़े चम्मच एक्स्ट्रा वर्जिन ऑलिव ऑयल
-2 बड़े चम्मच दही
-1 छोटा चम्मच नमक
-1 छोटा चम्मच पाप्रिका
-1 छोटा चम्मच गार्लिक पाउडर
-1 छोटा चम्मच मिक्स्ड हर्ब्स
-1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
-20 ग्राम इसबगोल पाउडर
-ऊपर से डालने के लिए तिल
घर पर ऐसे बनाएं हाई-प्रोटीन मसूर दाल ब्रेड
1. दाल को भिगो लें
सबसे पहले मसूर दाल को अच्छे से धोकर करीब 2 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. इससे दाल नरम हो जाएगी और बैटर आसानी से तैयार होगा.
2. ओवन प्रीहीट करें
ब्रेड बनाने से पहले ओवन को 180 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट कर लें ताकि ब्रेड सही तरीके से बेक हो सके.
3. बैटर तैयार करें
मिक्सर में भीगी हुई दाल डालें. इसके साथ ऑलिव ऑयल, दही, नमक, पाप्रिका, गार्लिक पाउडर और मिक्स्ड हर्ब्स डालकर अच्छी तरह ब्लेंड करें. बैटर स्मूद और थोड़ा गाढ़ा होना चाहिए.
4. बाकी चीजें मिलाएं
अब इस बैटर को एक बड़े बाउल में निकाल लें. इसमें बेकिंग पाउडर और इसबगोल पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स करें.
5. ब्रेड का शेप दें
हाथों को हल्का गीला करें और बैटर को ब्रेड जैसा शेप दें. इसे बेकिंग पेपर लगी ट्रे पर रखें और ऊपर से तिल छिड़क दें.
6. बेक करें
अब इसे 25 से 30 मिनट तक बेक करें. जब ऊपर से हल्का गोल्डन रंग आने लगे तो समझ जाएं कि आपकी हेल्दी ब्रेड तैयार है.
वजन घटाने वालों के लिए क्यों है बेस्ट?
मसूर दाल में प्रोटीन और फाइबर दोनों अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं. यही वजह है कि इसे खाने के बाद लंबे समय तक भूख नहीं लगती. जो लोग बार-बार स्नैकिंग करते हैं या जंक फूड खाते हैं, उनके लिए ये एक हेल्दी रिप्लेसमेंट बन सकती है.
इसके अलावा इसमें मैदा नहीं होने की वजह से ये शरीर में भारीपन महसूस नहीं होने देती, अगर आप जिम जाते हैं या हेल्दी डाइट फॉलो करते हैं, तो ये ब्रेड आपके मील प्लान में आसानी से शामिल हो सकती है.
कैसे खाएं ये हेल्दी ब्रेड?
इस मसूर दाल ब्रेड को कई तरीकों से खाया जा सकता है. आप इसे ग्रीन चटनी, हंग कर्ड डिप या गर्म सूप के साथ सर्व कर सकते हैं. चाहें तो हल्का टोस्ट करके ऊपर थोड़ा बटर लगाकर भी इसका स्वाद बढ़ा सकते हैं.
सुबह के नाश्ते में ये ब्रेड चाय या कॉफी के साथ शानदार लगती है. वहीं शाम की हल्की भूख में भी ये पेट भरने वाला हेल्दी ऑप्शन साबित हो सकती है.