Sattu Chaas Recipe: तेज धूप, चिपचिपी गर्मी और बार-बार लगने वाली प्यास… भारतीय गर्मियों में शरीर को ठंडा और एनर्जी से भरपूर रखना आसान नहीं होता. ऐसे मौसम में ज्यादातर लोग कोल्ड ड्रिंक या पैकेट वाले जूस की तरफ भागते हैं, लेकिन घर की बनी छाछ आज भी सबसे भरोसेमंद और हेल्दी ड्रिंक मानी जाती है. अब इसी पारंपरिक छाछ को एक नया और पौष्टिक ट्विस्ट मिला है -सत्तू छाछ. यह ड्रिंक सिर्फ स्वाद में ही शानदार नहीं, बल्कि हाई प्रोटीन होने की वजह से लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मदद करती है.
फिटनेस पसंद करने वालों से लेकर वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों तक, हर कोई इस देसी ड्रिंक को अपनी डाइट में शामिल कर रहा है. खास बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और घर की साधारण चीजों से तैयार हो जाती है, अगर आप भी इस गर्मी कुछ हेल्दी और ताज़गी भरा पीना चाहते हैं, तो सत्तू छाछ आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन हो सकता है.
क्या होता है सत्तू और क्यों बढ़ रही इसकी डिमांड?
सत्तू भुने हुए चने से तैयार किया जाने वाला एक पारंपरिक आटा है, जिसका इस्तेमाल बिहार, झारखंड और उत्तर भारत के कई हिस्सों में लंबे समय से होता आ रहा है. पहले गांवों में लोग इसे पानी में घोलकर पीते थे ताकि खेतों में काम करते समय शरीर में ताकत बनी रहे. अब वही सत्तू शहरों में फिटनेस ड्रिंक के तौर पर ट्रेंड कर रहा है. वजह साफ है -इसमें भरपूर प्रोटीन, फाइबर और जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं. यही कारण है कि न्यूट्रिशन एक्सपर्ट भी इसे गर्मियों के लिए शानदार सुपरफूड मानते हैं.
क्यों खास है सत्तू छाछ?
साधारण छाछ पेट को ठंडक देती है, जबकि सत्तू उसमें पोषण जोड़ देता है. दोनों का कॉम्बिनेशन शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ लंबे समय तक एनर्जी भी देता है. गर्मी में अक्सर लोगों को थकान, डिहाइड्रेशन और भूख कम लगने जैसी दिक्कतें होती हैं. ऐसे में सत्तू छाछ एक ऐसा ड्रिंक बन जाता है जो हल्का भी है और पेट भरने वाला भी. कई लोग इसे सुबह के नाश्ते में या दोपहर के खाने के बीच पीना पसंद करते हैं.
वजन कम करने वालों के लिए भी फायदेमंद
अगर आप बार-बार भूख लगने या अनहेल्दी स्नैकिंग से परेशान रहते हैं, तो सत्तू छाछ मदद कर सकती है. इसमें मौजूद प्रोटीन और फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखते हैं. यही वजह है कि जिम जाने वाले लोग और डाइट फॉलो करने वाले युवा इसे अपने डेली रूटीन में शामिल कर रहे हैं. हालांकि, ज्यादा नमक या मसाले डालने से इसका हेल्दी बैलेंस बिगड़ सकता है, इसलिए इसे संतुलित तरीके से बनाना बेहतर माना जाता है.
घर पर कैसे बनाएं हाई प्रोटीन सत्तू छाछ?
सत्तू छाछ बनाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी. कुछ मिनटों में यह ड्रिंक तैयार हो जाती है.
जरूरी सामग्री
-2 बड़े चम्मच सत्तू
-1 कप दही
-2 कप ठंडा पानी
-आधा चम्मच भुना जीरा
-1 हरी मिर्च
-थोड़ा अदरक
-करी पत्ता
-हरा धनिया
-स्वादानुसार नमक
-बर्फ के टुकड़े
बनाने का तरीका
-सबसे पहले मिक्सर जार में जीरा, हरी मिर्च, अदरक, करी पत्ता और हरा धनिया डालकर हल्का क्रश कर लें. इसके बाद दही, सत्तू, पानी और नमक डालें.
-अब इसे कुछ सेकंड तक ब्लेंड करें जब तक मिश्रण स्मूद और हल्का झागदार न हो जाए, अगर ड्रिंक ज्यादा गाढ़ी लगे तो थोड़ा और पानी मिला लें. आखिर में बर्फ डालें और ऊपर से भुना जीरा या धनिया डालकर सर्व करें.
ठंडी-ठंडी सत्तू छाछ गर्मियों में तुरंत राहत देने का काम करती है.
परफेक्ट स्वाद के लिए याद रखें ये टिप्स
हमेशा ताजा सत्तू चुनें
पुराना या बासी सत्तू स्वाद खराब कर सकता है. ताजा और अच्छी क्वालिटी वाला सत्तू इस्तेमाल करें.
दही हल्का खट्टा हो
छाछ का असली स्वाद हल्के खट्टे दही से आता है. इससे ड्रिंक ज्यादा रिफ्रेशिंग लगती है.
गाढ़ापन बैलेंस रखें
बहुत ज्यादा गाढ़ी छाछ पीने में भारी लग सकती है. इसलिए पानी धीरे-धीरे मिलाएं और सही कंसिस्टेंसी रखें.
देसी ड्रिंक फिर से बन रही लोगों की पसंद
एक समय था जब सत्तू को सिर्फ गांवों का खाना माना जाता था, लेकिन अब यही ड्रिंक सोशल मीडिया और हेल्थ ब्लॉग्स पर ट्रेंड कर रही है. इंस्टाग्राम पर कई फूड क्रिएटर्स इसकी रेसिपी शेयर कर रहे हैं और लोग इसे प्रोटीन शेक का देसी विकल्प बता रहे हैं.