Moong Dal Idli Recipe: आप रोज वही पोहा, पराठा या सूजी की इडली खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ हेल्दी लेकिन स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो मूंग दाल इडली आपके लिए शानदार ऑप्शन है. खास बात ये है कि इसमें ना सूजी लगती है और ना ही चावल, फिर भी इसकी टेक्सचर इतनी मुलायम बनती है कि एक बार खाने के बाद बार-बार बनाने का मन करेगा. आजकल लोग हेल्दी और प्रोटीन रिच खाने की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं और ऐसे में मूंग दाल इडली नाश्ते के लिए एकदम परफेक्ट रेसिपी बन जाती है.

इसे बनाना बेहद आसान है और ज्यादा तेल की भी जरूरत नहीं पड़ती. बच्चे हों या बड़े, हर किसी को इसका स्वाद पसंद आता है. वजन कम करने वाले लोग भी इसे बिना किसी टेंशन के खा सकते हैं. अगर आप भी सुबह का हेल्दी और पेट भरने वाला नाश्ता ढूंढ रहे हैं, तो ये रेसिपी जरूर नोट कर लें.

मूंग दाल इडली क्यों है खास?
मूंग दाल प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक चीजों से भरपूर होती है. यही वजह है कि इसे हेल्दी डाइट का अहम हिस्सा माना जाता है. इस इडली में सूजी और चावल नहीं डाला जाता, इसलिए ये हल्की होने के साथ-साथ जल्दी पच भी जाती है. जो लोग फिटनेस पर ध्यान देते हैं या वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं, उनके लिए ये रेसिपी काफी अच्छी मानी जाती है. सुबह के नाश्ते में इसे खाने से लंबे समय तक पेट भरा रहता है और बार-बार भूख भी नहीं लगती.

मूंग दाल इडली बनाने के लिए जरूरी चीजें
-1 कप धुली मूंग दाल
-1 छोटा टुकड़ा अदरक
-1-2 हरी मिर्च
-कुछ करी पत्ते
-2-3 चम्मच दही
-स्वादानुसार नमक
-थोड़ा हरा धनिया
-कद्दूकस की हुई गाजर
-आधा छोटा चम्मच बेकिंग सोडा या ईनो
-थोड़ा घी

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

ऐसे तैयार करें सुपर सॉफ्ट मूंग दाल इडली
पहला स्टेप
सबसे पहले धुली मूंग दाल को अच्छी तरह धो लें और रातभर पानी में भिगोकर रख दें. सुबह दाल का पानी निकालकर इसे मिक्सी में डालें. अब इसमें अदरक, हरी मिर्च, करी पत्ता, नमक और दही डालकर अच्छी तरह पीस लें. बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी मिला सकते हैं. ध्यान रखें कि बैटर बिल्कुल स्मूद होना चाहिए, तभी इडली नरम बनेगी.

दूसरा स्टेप
अब एक छोटा तड़का तैयार करें. इसके लिए पैन में थोड़ा सरसों का तेल गर्म करें और उसमें राई और हींग डालें. गैस बंद करके हल्की हल्दी मिलाएं और इस तड़के को बैटर में डाल दें. अब इसमें हरा धनिया और कद्दूकस की हुई गाजर डालकर मिक्स करें. आप चाहें तो शिमला मिर्च, बीन्स या दूसरी पसंदीदा सब्जियां भी डाल सकते हैं.

तीसरा स्टेप
इडली स्टैंड या सांचे को हल्के घी से ग्रीस कर लें. अगर आपके पास इडली मेकर नहीं है, तो छोटी कटोरी का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. अब बैटर में बेकिंग सोडा या ईनो डालें और हल्के हाथ से मिलाएं. इसके बाद तुरंत बैटर को सांचों में भर दें.

चौथा स्टेप
स्टीमर में पानी गर्म करें और इडली स्टैंड रख दें. अब ढक्कन बंद करके मीडियम आंच पर करीब 10 से 15 मिनट तक पकाएं. इडली तैयार हुई है या नहीं, ये चेक करने के लिए टूथपिक डालें. अगर टूथपिक साफ बाहर आ जाए तो समझिए इडली बनकर तैयार है.

किसके साथ खाएं ये हेल्दी इडली?
मूंग दाल इडली का स्वाद नारियल चटनी, टमाटर चटनी और मूंगफली चटनी के साथ बेहद शानदार लगता है. आप चाहें तो इसे सांभर के साथ भी सर्व कर सकते हैं. बच्चों के टिफिन के लिए भी ये बढ़िया ऑप्शन है क्योंकि ये स्वादिष्ट होने के साथ हेल्दी भी होती है. ऑफिस जाने वाले लोग इसे सुबह बनाकर आसानी से खा सकते हैं.

मुलायम इडली बनाने के आसान टिप्स
दाल को कम से कम 7-8 घंटे जरूर भिगोएं. बैटर बहुत ज्यादा पतला ना करें. ईनो डालने के बाद बैटर को ज्यादा देर ना रखें. स्टीमर पहले से गर्म होना चाहिए. इडली पकाते समय आंच मीडियम रखें.



Source link

Write A Comment