Last Updated:
Indori Shikanji Recipe: इंदौर की मशहूर मलाईदार शिकंजी गर्मियों के लिए एक शानदार ड्रिंक है. दूध, दही, केसर और ड्राय फ्रूट्स से बनी यह रेसिपी शरीर को ठंडक देने के साथ स्वाद का भी जबरदस्त मजा देती है. सुबह नाश्ते में इसे पीने से दिनभर फ्रेशनेस बनी रहती है.
इंदौरी शिकंजी रेसिपी
Indori Shakanji Recipe: गर्मी का मौसम आते ही हर किसी को ऐसी ड्रिंक की तलाश रहती है जो शरीर को अंदर से ठंडक दे और स्वाद में भी शानदार लगे. ऐसे में अगर आप रोज एक जैसी लस्सी, शेक या नींबू पानी पीकर बोर हो चुके हैं, तो इंदौर की मशहूर शिकंजी आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन बन सकती है. यह साधारण नींबू वाली शिकंजी नहीं, बल्कि दूध, दही, केसर और ड्राय फ्रूट्स से बनने वाली बेहद मलाईदार और रिच ड्रिंक है, जिसका स्वाद पहली ही घूंट में दिल जीत लेता है. खास बात ये है कि इसे सुबह नाश्ते में पीने से लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है और गर्म हवाओं का असर भी कम लगता है.
इंदौर की गलियों में मिलने वाली यह खास शिकंजी अब घर पर भी आसानी से बनाई जा सकती है, अगर घर आए मेहमानों को कुछ अलग और टेस्टी सर्व करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी हर किसी को पसंद आएगी. इसकी खुशबू और गाढ़ापन इसे बाकी ड्रिंक्स से बिल्कुल अलग बना देता है.
इंदौरी शिकंजी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
-फुल क्रीम दूध -1 लीटर
-गाढ़ा ताजा दही -1 कप
-चीनी -4 से 5 बड़े चम्मच
-केसर -10 से 12 धागे
-इलायची पाउडर -1 छोटा चम्मच
-कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता -3 बड़े चम्मच
-जायफल पाउडर -एक चुटकी
ऐसे तैयार करें मलाईदार इंदौरी शिकंजी
सबसे पहले भारी तले वाली कढ़ाई में दूध डालकर मध्यम आंच पर उबलने रखें. दूध को बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वह नीचे न लगे. धीरे-धीरे दूध गाढ़ा होने लगेगा और लगभग आधा रह जाएगा. यही स्टेप इस शिकंजी को खास बनाता है क्योंकि इससे इसका स्वाद बिल्कुल रबड़ी जैसा हो जाता है. अब इसमें चीनी और गुनगुने दूध में भीगा हुआ केसर डाल दें. इसे करीब 5 मिनट तक और पकाएं ताकि केसर का रंग और खुशबू दूध में अच्छी तरह घुल जाए. फिर गैस बंद कर दें और दूध को पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद इसे लगभग 1 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें ताकि इसका स्वाद और ज्यादा बढ़ जाए.
अब एक अलग बर्तन में ताजा और गाढ़ा दही लें. दही को अच्छे से फेंट लें ताकि उसमें कोई गांठ न बचे. ध्यान रखें कि दही ज्यादा खट्टा न हो, वरना शिकंजी का स्वाद बिगड़ सकता है. फ्रिज से ठंडा किया हुआ गाढ़ा दूध निकालें और ब्लेंडर जार में डालें. इसके साथ फेंटा हुआ दही, इलायची पाउडर और जायफल पाउडर भी मिला दें. मिक्सर को सिर्फ कुछ सेकंड के लिए चलाएं. ज्यादा ब्लेंड करने से टेक्सचर पतला हो सकता है. अब इसमें कटे हुए आधे ड्राय फ्रूट्स डालकर हल्के हाथ से मिला लें. आपकी ठंडी, गाढ़ी और स्वाद से भरपूर इंदौरी शिकंजी तैयार है. इसे कांच के गिलास में निकालें और ऊपर से बाकी ड्राय फ्रूट्स डालकर सर्व करें.
क्यों खास है इंदौर की ये शिकंजी
इंदौर अपनी स्ट्रीट फूड कल्चर के लिए पूरे देश में मशहूर है. यहां की पोहा-जलेबी जितनी फेमस है, उतनी ही पसंद की जाती है यह मलाईदार शिकंजी भी. इसमें दूध और दही का कॉम्बिनेशन शरीर को एनर्जी देता है, जबकि केसर और ड्राय फ्रूट्स इसका स्वाद कई गुना बढ़ा देते हैं. यह ड्रिंक सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि गर्मी में शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए भी अच्छी मानी जाती है. सुबह इसे पीने से लंबे समय तक थकान महसूस नहीं होती और पेट भी ठंडा रहता है.
परफेक्ट स्वाद के लिए अपनाएं ये टिप्स
हमेशा फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें ताकि शिकंजी गाढ़ी बने. दही ताजा और कम खट्टा होना चाहिए. ज्यादा देर ब्लेंड न करें, वरना टेक्सचर खराब हो सकता है. अगर ज्यादा ठंडी पसंद है तो सर्व करने से पहले कुछ बर्फ के टुकड़े डाल सकते हैं. ऊपर से गुलाब की पंखुड़ियां डालने पर इसका लुक और स्वाद दोनों शानदार लगते हैं.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें