Last Updated:
Chinese Food Stall Business: हाथ में स्वाद है और सॉस, ग्रेवी की बढ़िया जानकारी रखते हैं तो चाइनीज फूड स्टॉल खोलकर कम पूंजी में बढ़िया कमाई कर सकते हैं. इस काम को दस हजार के मामूली इनवेस्टमेंट से शुरू किया जा सकता है और सही कीमत व गुणवत्ता रखने पर हर महीने अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है. जानते हैं विस्तार से.
जमशेदपुर. आज के समय में चाइनीज फूड बच्चों से लेकर युवाओं तक की पहली पसंद बन चुका है. चाहे परिवार के साथ बाहर घूमने जाना हो या दोस्तों के साथ शाम बितानी हो, लोग अक्सर मोमो, चाउमीन, फ्राइड राइस, मंचूरियन और दूसरे चाइनीज व्यंजन खाना पसंद करते हैं. बढ़ती मांग के कारण चाइनीज फूड का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और यह कम निवेश में अच्छा मुनाफा देने वाले व्यवसायों में शामिल हो गया है.
10 सालों से चला रहे हैं स्टॉल
चाइनीज फूड व्यवसाय से जुड़े संचालक भोलानाथ दे बताते हैं कि वे पिछले करीब 10 वर्षों से इस क्षेत्र में कार्यरत हैं. उनके अनुसार, यह ऐसा बिजनेस है, जिसमें निवेश की तुलना में मुनाफे की संभावना काफी अधिक रहती है. उनका कहना है कि इस कारोबार में लगभग 40 प्रतिशत निवेश और 60 प्रतिशत तक लाभ का अवसर मिलता है. अगर सही योजना और गुणवत्ता के साथ काम किया जाए, तो यह व्यवसाय कम समय में अच्छी आमदनी का माध्यम बन सकता है.
10 हजार में शुरू कर सकते हैं काम
भोलानाथ दे बताते हैं कि इस व्यवसाय को शुरू करने के लिए बहुत बड़ी पूंजी की आवश्यकता नहीं होती. कोई भी व्यक्ति लगभग ₹10,000 के शुरुआती निवेश के साथ एक छोटा चाइनीज फूड स्टॉल शुरू कर सकता है. शुरुआत में जरूरी बर्तन, गैस चूल्हा, कड़ाही, कच्चा माल और स्टॉल की व्यवस्था कर काम शुरू किया जा सकता है. धीरे-धीरे ग्राहकों की संख्या बढ़ने पर व्यवसाय का विस्तार भी किया जा सकता है.
सही कीमत बहुत जरूरी
उन्होंने बताया कि चाइनीज फूड के कारोबार में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका सही मूल्य निर्धारण की होती है. अगर स्टॉल किसी बस्ती या स्थानीय आवासीय क्षेत्र में है, तो कीमतें बाजार की तुलना में ₹20 से ₹25 तक कम रखनी चाहिए. वहीं, अगर स्टॉल किसी प्रमुख बाजार, भीड़भाड़ वाले क्षेत्र या व्यावसायिक स्थान पर है, तो वहां बाजार के अनुसार उचित कीमत रखी जा सकती है. सही कीमत ग्राहकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
सॉस और ग्रेवी में छिपा असली स्वाद
भोलानाथ दे का मानना है कि चाइनीज फूड का असली स्वाद उसकी सॉस और ग्रेवी में छिपा होता है. इसलिए हमेशा अच्छी गुणवत्ता वाले और ब्रांडेड सॉस, मसाले और दूसरी सामग्री का उपयोग करना चाहिए. साथ ही, उतना ही भोजन तैयार करना चाहिए, जितना एक दिन में बिक सके. क्योंकि बचा हुआ सामान अगले दिन गुणवत्ता खो सकता है, जिससे ग्राहक असंतुष्ट हो सकते हैं और दोबारा आने से बच सकते हैं.
महीने की 50 हजार तक कमाई
उन्होंने यह भी कहा कि चाइनीज फूड स्टॉल में ग्राहक सेवा और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है. फास्ट फूड का मतलब है कि ग्राहक को जल्दी और ताजा खाना मिले. इसलिए ऑर्डर तेजी से तैयार होना चाहिए और कार्यस्थल को समय-समय पर साफ रखना चाहिए. अगर स्वाद, गुणवत्ता, साफ-सफाई और ग्राहकों के साथ अच्छा व्यवहार बनाए रखा जाए, तो यह व्यवसाय हर महीने ₹50,000 से ₹60,000 या उससे अधिक की कमाई का मजबूत स्रोत बन सकता है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें