Last Updated:

Safed Matar Ghugni Recipe: सफेद मटर की घुघनी बनाने में जितनी आसान है, इसका स्वाद उतना ही लाजवाब होता है. थोड़ी सी प्री प्रिपरेशन से ये 15 मिनट में तैयार होने वाला नाश्ता है. इसे पूड़ी पराठे के साथ खाएं या मुरमुरा के साथ, पेट और जबान ये दोनों को भाता है. जानते हैं झटपट रेसिपी.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. झारखंड में लोगों को सादा, स्वादिष्ट और घर जैसा भोजन काफी पसंद आता है. यहां कई ऐसे पारंपरिक व्यंजन हैं, जो कम सामग्री में तैयार हो जाते हैं और स्वाद में भी बेहतरीन होते हैं. इन्हीं में से एक है सफेद मटर की घुघनी. यह एक लोकप्रिय व्यंजन है, जिसे नाश्ते, दोपहर के भोजन या शाम के स्नैक्स के रूप में खाया जाता है. खास बात यह है कि इसे रोटी, पराठा, पूरी, चावल या मुड़ी (मुरमुरा) के साथ भी आसानी से खाया जा सकता है. स्वाद के साथ-साथ यह प्रोटीन से भरपूर भी होती है.

पहले भिगा दें मटर
घुघनी बनाने के लिए सबसे पहले सफेद मटर को बाजार से लाकर अच्छी तरह साफ पानी से धो लें. इसके बाद मटर को एक बड़े बर्तन में पानी डालकर लगभग 5 से 6 घंटे या पूरी रात के लिए भिगो दें. इससे मटर अच्छी तरह फूल जाती है और जल्दी पकती है. जब मटर फूल जाए, तो उसका पानी निकाल दें और उसे कुकर में डालकर आवश्यकतानुसार पानी और थोड़ा सा नमक मिलाएं. इसके बाद 4 से 5 सीटी लगाकर मटर को अच्छी तरह पका लें.

इसके बाद तैयार करें मसाला
अब मसाला तैयार करने की बारी आती है. इसके लिए कढ़ाई में दो से तीन चम्मच सरसों का तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर उसमें हींग और जीरा डालें. फिर बारीक कटा हुआ प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ देर चलाएं. अब इसमें बारीक कटे टमाटर डालें और नरम होने तक पकाएं. जब मसाला अच्छी तरह भुन जाए, तब हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर मिलाएं.

अगर चाहिए ग्रेवी
जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तो उसमें उबली हुई सफेद मटर डाल दें. मटर को मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाएं, ताकि मसाले का स्वाद हर दाने में समा जाए. अगर आपको थोड़ी ग्रेवी पसंद है, तो थोड़ा गर्म पानी भी डाल सकते हैं. इसके बाद 5 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें. आखिर में गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.

ऊपर से गार्निश करके परोसें
तैयार सफेद मटर की घुघनी को प्लेट में निकालें. ऊपर से थोड़ा प्याज, हरी मिर्च, धनिया पत्ता और नींबू का रस डालकर परोसें. इससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. झारखंड के कई घरों में यह व्यंजन सुबह के नाश्ते से लेकर शाम की चाय तक का पसंदीदा साथी माना जाता है.

कम लागत, आसान विधि और शानदार स्वाद के कारण सफेद मटर की घुघनी आज भी लोगों की पहली पसंद बनी हुई है. अगर आप घर पर कुछ स्वादिष्ट और पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर आजमाएं.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Write A Comment