Last Updated:

Cream Roll Recipe: आपके पास ओवन नहीं है तो भी चिंता की बात नहीं. कड़ाही और नमक की आसान ट्रिक अपनाकर घर पर कुरकुरा और क्रीमी बेकरी स्टाइल क्रीम रोल तैयार किया जा सकता है. सही तरीके से आटा तैयार करना और धीमी आंच पर बेक करना ही इसकी सबसे बड़ी खासियत है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

बिना ओवन क्रीम रोल कैसे बनाएं?

Cream Roll Recipe: आपको भी बचपन में बेकरी से मिलने वाला खस्ता और मलाईदार क्रीम रोल बेहद पसंद था, तो अब उसे खाने के लिए बाजार जाने की जरूरत नहीं है. अच्छी बात यह है कि बिना ओवन के भी घर पर बिल्कुल बेकरी जैसा क्रीम रोल तैयार किया जा सकता है. ज्यादातर लोग यही सोचकर इसे बनाने की कोशिश नहीं करते कि उनके पास ओवन नहीं है या इसकी रेसिपी मुश्किल होगी, लेकिन सही तरीका अपनाया जाए तो साधारण कड़ाही में भी शानदार क्रीम रोल बन सकता है.

खास बात यह है कि कड़ाही में नमक डालकर बेक करने की आसान ट्रिक इसकी बाहरी परत को कुरकुरा और अंदर की क्रीम को बेहद स्वादिष्ट बना देती है, अगर आप शाम की चाय के साथ कुछ खास बनाना चाहते हैं या बच्चों के लिए घर पर बेकरी जैसा स्नैक तैयार करना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके बहुत काम आएगी. आइए जानते हैं पूरा तरीका.

ठंडे बटर और बर्फ वाले पानी से तैयार करें आटा
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में एक कप मैदा लें. इसमें आधा कप ठंडा बटर डालें और थोड़ा सा चीनी मिला दें. अब बर्फ जैसा ठंडा पानी लें. चाहें तो इसमें हल्का सा ऑरेंज फूड कलर मिला सकते हैं ताकि रोल देखने में और भी आकर्षक लगे. इस पानी से थोड़ा-थोड़ा करके सख्त आटा गूंथ लें. आटा तैयार होने के बाद इसे 10 मिनट के लिए फ्रीजर में रख दें. यही तरीका क्रीम रोल की परतों को बेहतर बनाता है.

बार-बार बेलने और बटर लगाने से बनेंगी खस्ता परतें
फ्रीजर से आटा निकालने के बाद इसे कुछ मिनट तक अच्छी तरह हाथों से चिकना करें. फिर इसे बेलकर ऊपर एक चम्मच बटर फैला दें. अब आटे को फोल्ड करके दोबारा 10 मिनट के लिए फ्रीजर में रख दें. इसके बाद फिर से बेलें, बटर लगाएं और दोबारा फ्रीजर में रखें. यही प्रक्रिया दो से तीन बार दोहराने से क्रीम रोल की परतें एकदम बेकरी जैसी बनती हैं.

कड़ाही में नमक डालकर करें बेकिंग की तैयारी
जब आटा सेट हो रहा हो, उसी समय एक भारी तले की कड़ाही लें. इसके नीचे खाने वाला सादा नमक फैला दें और बीच में एक स्टैंड रख दें. अब कड़ाही को ढककर धीमी या मध्यम आंच पर करीब 10 से 12 मिनट तक गर्म करें. यह तरीका ओवन जैसी गर्मी तैयार करने में मदद करता है. साथ ही जिस प्लेट में रोल रखने हैं, उसमें पहले से बटर पेपर भी लगा लें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

रोल को दें सही शेप और लगाएं मिल्क वॉश
अब तैयार आटे को चौकोर आकार में बेल लें और लंबी पट्टियां काट लें. क्रीम रोल के मोल्ड पर इन पट्टियों को हल्के हाथ से घुमाते हुए लपेटें. इसके बाद ब्रश की मदद से ऊपर थोड़ा दूध लगा दें. इससे बेक होने के बाद रोल का रंग सुनहरा और चमकदार दिखाई देगा. अब इन्हें बटर पेपर लगी प्लेट पर रख दें.

धीमी आंच पर बिना ओवन के करें बेक
पहले से गर्म की गई कड़ाही का ढक्कन खोलें और स्टैंड के ऊपर रोल वाली प्लेट रख दें. अब ढक्कन बंद कर दें और बिल्कुल धीमी आंच पर करीब 40 मिनट तक बेक होने दें. नमक की गर्मी पूरे बर्तन में बराबर फैलती है, जिससे रोल बाहर से कुरकुरे और अंदर से अच्छी तरह पक जाते हैं. बेक होने के बाद इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर मोल्ड से निकालें.

घर पर बनाएं मुलायम बटर क्रीम
जब रोल बेक हो रहे हों, उसी दौरान अंदर भरने वाली क्रीम तैयार कर लें. आधा कप चीनी को मिक्सी में पीसकर बारीक पाउडर बना लें. अब आधा कप सफेद मक्खन को एक बाउल में अच्छी तरह फेंटें. इसमें थोड़ा-थोड़ा करके पिसी चीनी मिलाते जाएं. आखिर में थोड़ा दूध डालकर तब तक फेंटें जब तक क्रीम हल्की और फूली हुई न हो जाए.

आखिरी स्टेप में मिलेगा बेकरी जैसा स्वाद
जब रोल पूरी तरह ठंडे हो जाएं, तब पाइपिंग बैग या चम्मच की मदद से इनके अंदर बटर क्रीम भर दें. ऊपर से थोड़ा नारियल का बुरादा डाल दें. इससे क्रीम रोल का स्वाद भी बढ़ेगा और इसका लुक भी शानदार लगेगा. अब आपका घर का बना बेकरी स्टाइल क्रीम रोल पूरी तरह तैयार है.

About the Author

Mohit Mohit

मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें



Source link

Write A Comment