Last Updated:

Lauki Ke Chilke Ki Bhujia: लौकी की सब्जी बनाते हैं पर छिलके फेंक देते हैं तो एक बार यह रेसिपी ट्राई करें. आप छिलके फेंकना भूल जाएंगे. अगर लौकी ताजी-हरी हो और छिलके बेदाग हों तो थोड़ा मोटा काटकर इन्हें भुजिया के रूप में बनाएं. आखिर में एक चम्मच घी डालें. बेहतरीन भुजिया तैयार होती है.

ख़बरें फटाफट

मधुबनी. लौकी जिसे बिहार-झारखंड की तरफ कद्दू कहा जाता है की सब्जी बनाने के बाद लोग इसके छिलके को अक्सर फेंक देते हैं. हालांकि अगर आप मिथिलांचल स्टाइल में इसकी भुजिया बनाते हैं, तो आगे से कभी छिलके नहीं फेंकेगे बल्कि इसे भी चटखारा लगाकर खाएंगे. छिलकों से आप इसकी स्वादिष्ट भुजिया बना सकते हैं. ये खाने में बहुत स्वादिष्ट होती है और सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है. छिलके की भुजिया बनने में 10 से 12 मिनट का समय लगता है. इसमें घी का बस थोड़ा सा तड़का लगाना है, फिर आप इसे रोटी, चावल या दाल के साथ मजे से खा सकते हैं.

एक चम्मच घी से बढ़ेगा स्वाद
कद्दू के छिलके की भुजिया बनाने के लिए जब आप इसे छीलें, तो उसकी थोड़ी मोटी परत रहने दें. उसके बाद इन छिलकों को पतली भुजिया के आकार में काट लें. फिर कढ़ाई में थोड़ा सा तेल, जीरा और लाल मिर्च का तड़का लगाकर इसे पकाएं. यह 10 से 12 मिनट में अच्छी तरह पक जाता है. जब गैस बंद करें, तब इसमें एक चम्मच घी डाल दें. घी का एक छोटा चम्मच कद्दू के छिलके की भुजिया का स्वाद चार गुना बढ़ा देता है.

मिथिलांचल स्टाइल भुजिया
कद्दू के छिलके से पकते समय थोड़ा तेल जैसा रस निकलता है. ऐसे में अगर आखिर में घी का तड़का लगाया जाए, तो इसका स्वाद और भी लाजवाब हो जाता है. घी स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है और कद्दू भी सेहत के लिए लाभदायक है. एक बार आपने मिथिलांचल स्टाइल में यह भुजिया बनाकर खा ली, तो बार-बार खाएंगे और कभी छिलका नहीं फेंकेंगे. इसमें कुछ भी अलग से नहीं डालना है. सिर्फ नमक और हल्दी डालनी है. भुजिया पक जाने के बाद आखिर में एक चम्मच घी डाल देना है.

कर सकते हैं एक्सपेरिमेंट
कुछ लोग इस भुजिया में बारीक आलू काटकर डालते हैं तो कुछ लोग छिलके सहित आलू डालते हैं. यह आपकी पसंद पर निर्भर करता है कि आप साथ में कुछ डालना चाहते हैं या केवल छिलकों की भुजिया छौंकना चाहते हैं. यही बात मसालों पर भी लागू होती है. आप अपने परिवार की पसंद के हिसाब से इसमें मसाले घटा या बढ़ा सकते हैं. आमतौर पर इसमें हींग-जीरे का तड़का देकर, हल्दी, धनिया, मिर्च जैसे बेसिक मसाले डाले जाते हैं. हालांकि कैसे भी बनाएं, स्वाद लाजवाब ही होता है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Write A Comment