Lauki Raita Recipe: गर्मी का मौसम आते ही खाने-पीने की आदतों में बदलाव करना पड़ता है. इस समय ऐसी चीजें खाना अच्छा माना जाता है जो पेट पर हल्की हों, शरीर को ठंडक दें और लंबे समय तक ताजगी बनाए रखें. इसी वजह से दही, खीरा, ककड़ी और लौकी जैसी चीजें लोगों की पहली पसंद बन जाती हैं, लेकिन सच यह भी है कि घर के कई लोग, खासकर बच्चे, लौकी का नाम सुनते ही खाने से मना कर देते हैं, अगर आपके घर में भी ऐसा ही होता है, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है. मशहूर कुक मेघा महिंद्रू ने लौकी को स्वादिष्ट बनाने का एक आसान तरीका बताया है.

उनका बनाया लौकी का रायता इतना स्वादिष्ट बनता है कि जो लोग लौकी से दूरी बनाते हैं, वे भी इसे खुशी से खा लेते हैं. यह रेसिपी जल्दी तैयार हो जाती है, बनाने में आसान है और गर्मी के मौसम में खाने का मजा भी दोगुना कर देती है, अगर आप रोज की एक जैसी सब्जी से बोर हो चुके हैं, तो इस बार घर पर यह खास रायता जरूर बनाकर देखें.

सही लौकी चुनना सबसे जरूरी
अच्छे स्वाद वाले रायते की शुरुआत अच्छी लौकी से होती है. हमेशा ताजी, पतली और नरम लौकी लें. ऐसी लौकी जल्दी पकती है और उसका स्वाद भी अच्छा आता है. सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह धो लें. फिर उसका छिलका उतार दें और कद्दूकस कर लें, अगर अंदर बड़े बीज दिखाई दें तो उन्हें निकाल दें. इससे रायते का स्वाद और भी बढ़िया रहेगा.

पहले लौकी को उबालें
कई लोग कद्दूकस की हुई लौकी को सीधे दही में मिला देते हैं, लेकिन ऐसा करने से स्वाद अच्छा नहीं आता. बेहतर होगा कि पहले लौकी को थोड़ा पानी डालकर उबाल लें. कुछ ही मिनटों में लौकी नरम हो जाएगी. जब वह पक जाए तो उसका पानी निकाल दें और उसे पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडी लौकी दही में मिलाने पर रायता ज्यादा स्वादिष्ट लगता है.

दही तैयार करने का सही तरीका
रायते का स्वाद काफी हद तक दही पर भी निर्भर करता है. हमेशा ताजा और गाढ़ा दही लें, अगर दही बहुत खट्टा होगा तो रायते का स्वाद बिगड़ सकता है. दही में थोड़ा सा पानी डालें और अच्छी तरह फेंट लें. दही इतना स्मूद होना चाहिए कि उसमें कोई गुठली न रहे. यही रायते की अच्छी बनावट का राज है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

अब मिलाएं मसाले
फेंटा हुआ दही तैयार होने के बाद उसमें स्वाद के हिसाब से नमक, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा सा धनिया पाउडर डालें. अब इन सभी चीजों को अच्छे से मिला लें. इसके बाद ठंडी हो चुकी उबली लौकी इसमें डाल दें. आखिर में बारीक कटा हरा धनिया मिलाएं. इससे रायते का स्वाद भी बढ़ेगा और देखने में भी अच्छा लगेगा.

हींग और जीरे का तड़का देगा शानदार स्वाद
इस रायते की सबसे खास बात इसका तड़का है. एक छोटे पैन में एक चम्मच तेल या घी गर्म करें. इसमें जीरा और चुटकी भर हींग डालें. जब जीरा चटकने लगे तब सूखी लाल मिर्च और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भून लें. अब यह गर्म तड़का सीधे रायते के ऊपर डाल दें और बर्तन को तुरंत ढक दें. इससे तड़के की खुशबू पूरे रायते में अच्छी तरह मिल जाएगी.

अनार से बढ़ाएं स्वाद और लुक
अगर आप रायते को थोड़ा खास बनाना चाहते हैं तो ऊपर से ताजे अनार के दाने डालें. अनार हल्की मिठास और अच्छा क्रंच देता है. इससे रायता देखने में भी खूबसूरत लगता है और खाने का मजा भी बढ़ जाता है. चाहें तो थोड़ा भुना जीरा पाउडर भी ऊपर से छिड़क सकते हैं.

View this post on Instagram





Source link

Write A Comment