Bhandare Wali Kheer Recipe: भारत में कोई भी त्योहार, पूजा, खुशी का मौका या पारिवारिक दावत हो, मीठे में खीर का नाम सबसे पहले आता है. इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है, लेकिन अगर आपने कभी किसी मंदिर, धार्मिक आयोजन या भंडारे में खीर खाई है, तो आपने जरूर महसूस किया होगा कि उसका स्वाद घर की खीर से थोड़ा अलग और ज्यादा लाजवाब होता है. वह खीर न ज्यादा गाढ़ी होती है और न ही बहुत पतली, फिर भी हर चम्मच में एक अलग ही मजा आता है.
कई लोग सोचते हैं कि इसमें कोई खास मसाला या सीक्रेट चीज मिलाई जाती होगी, लेकिन सच यह है कि इसका असली राज सही तरीका और सही पकाने में छिपा होता है, अगर आप भी चाहते हैं कि घर पर बनी खीर बिल्कुल भंडारे जैसी स्वादिष्ट बने, तो इस आसान रेसिपी को एक बार जरूर आजमाएं. थोड़ी-सी सावधानी और सही स्टेप्स अपनाकर आप भी वही स्वाद अपने घर में तैयार कर सकते हैं.
भंडारे वाली खीर का स्वाद अलग क्यों होता है?
भंडारे में बनने वाली खीर का सबसे बड़ा राज उसका बैलेंस होता है. इसमें दूध, पानी और चावल का सही मेल रखा जाता है. खीर को धीमी आंच पर लंबे समय तक पकाया जाता है, जिससे हर दाना अच्छे से पकता है और दूध का स्वाद भी उसमें पूरी तरह घुल जाता है. यही वजह है कि इसका स्वाद बेहद शानदार लगता है.
भंडारे वाली खीर बनाने के लिए सामग्री
1. 1 कप बासमती चावल
2. 2 लीटर फुल क्रीम दूध
3. 2 कप पानी
4. 2 से 2½ कप चीनी
5. 2 बड़े चम्मच देसी घी
6. 10-12 काजू
7. 10-12 बादाम
8. 10-12 पिस्ता
9. 2 बड़े चम्मच किशमिश
10. 2 बड़े चम्मच चिरौंजी
11. 1 कप मखाना
12. 5-6 हरी इलायची
13. थोड़ा-सा केसर
ऐसे बनाएं भंडारे वाली खीर
सबसे पहले चावल को अच्छी तरह दो-तीन बार धो लें. इसके बाद करीब 20 से 30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें. इससे चावल जल्दी पकेंगे और खीर का स्वाद भी बेहतर आएगा. अब एक भारी तले वाले बर्तन में देसी घी गर्म करें. भीगे हुए चावल का पानी निकालकर उन्हें हल्का-सा घी में भून लें. इससे चावल की कच्ची खुशबू खत्म हो जाएगी और खीर में बढ़िया फ्लेवर आएगा. अब बर्तन में उबला हुआ दूध और तय मात्रा में पानी डाल दें. गैस की आंच मध्यम रखें और लगातार चलाते रहें, ताकि दूध नीचे न लगे. जब मिश्रण उबलने लगे, तब गैस धीमी कर दें. अब खीर को आराम से पकने दें. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि चावल बर्तन में चिपके नहीं.
जब चावल पूरी तरह नरम हो जाएं, तब अपनी पसंद के हिसाब से चीनी डालें. चीनी डालने के बाद कुछ मिनट तक लगातार चलाते रहें ताकि वह पूरी तरह घुल जाए. अब इसमें कटे हुए काजू, बादाम, पिस्ता, किशमिश, चिरौंजी, मखाना, हल्का-सा केसर और कुटी हुई इलायची डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. खीर को 5 से 7 मिनट और पकाएं. ध्यान रखें कि इसे बहुत ज्यादा गाढ़ा न होने दें. भंडारे वाली खीर की पहचान इसकी हल्की बहने वाली बनावट होती है. गैस बंद करें और चाहें तो गर्मागर्म परोसें या ठंडी करके खाएं.
परफेक्ट भंडारे वाली खीर बनाने के आसान टिप्स
1. हमेशा फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें.
2. चावल को पहले भिगोना न भूलें.
3. भारी तले वाले बर्तन में ही खीर बनाएं.
4. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि दूध नीचे न लगे.
5. थोड़ा पानी जरूर डालें, यही भंडारे वाली खीर का खास राज माना जाता है.
6. ड्राई फ्रूट्स आखिर में डालें ताकि उनका स्वाद और कुरकुरापन बना रहे.
7. अगर ठंडी खीर खानी है, तो गैस बंद करने के बाद इसे थोड़ा पतला ही रखें क्योंकि ठंडी होने पर खीर अपने आप गाढ़ी हो जाती है.