Last Updated:

Mango Peda Recipe: आप आम से कुछ नया और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो बिना मिल्क पाउडर वाला मैंगो पेड़ा जरूर ट्राई करें. कम समय, आसान तरीका और शानदार स्वाद इसे हर घर की पसंदीदा मिठाई बना देता है. एक बार बनाकर देखेंगे तो बार-बार बनाने का मन करेगा.

ख़बरें फटाफट

Zoom

मैंगो पेड़ा रेसिपी

Mango Peda Recipe: गर्मी का मौसम आते ही बाजार में रसीले और मीठे आमों की भरमार दिखाई देने लगती है. ऐसे में हर घर में आम से बनी नई-नई चीजें तैयार होती हैं. कोई मैंगो शेक बनाता है, कोई आमरस, तो कोई कुल्फी या आइसक्रीम का मजा लेता है, लेकिन अगर इस बार आप आम से कुछ अलग और खास बनाना चाहते हैं, तो मैंगो पेड़ा एक शानदार ऑप्शन है. अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए मिल्क पाउडर की भी जरूरत नहीं पड़ती. सिर्फ कुछ आसान चीजों की मदद से करीब आधे घंटे में यह स्वादिष्ट मिठाई तैयार हो जाती है.

इसका स्वाद इतना बढ़िया होता है कि एक बार खाने के बाद हर कोई यही पूछेगा कि आखिर इसे बनाया कैसे है, अगर घर में कोई खास मौका हो, मेहमान आने वाले हों या फिर मीठा खाने का मन हो, तो यह रेसिपी आपके बहुत काम आएगी. आइए जानते हैं बिना मिल्क पाउडर के स्वाद से भरपूर मैंगो पेड़ा बनाने का आसान तरीका.

मैंगो पेड़ा बनाने के लिए जरूरी चीजें
-1 कप पके आम का पल्प
-1½ कप मावा या खोया
-½ कप चीनी
-½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
-1 से 2 बड़े चम्मच घी
-बारीक कटे हुए पिस्ता
-बारीक कटे हुए बादाम
-6 से 7 केसर के धागे

मैंगो पेड़ा बनाने की आसान विधि
सबसे पहले अच्छे से पके हुए मीठे आम को धोकर छील लें. अब उसके गूदे को निकालकर मिक्सर में बिना पानी डाले पीस लें. कोशिश करें कि पल्प पूरी तरह स्मूद बने ताकि पेड़े की बनावट अच्छी आए. अब एक भारी तले की कड़ाही लें और उसमें एक चम्मच घी डालकर हल्का गर्म करें. इसमें तैयार आम का पल्प और चीनी डाल दें. मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. कुछ ही मिनट में चीनी पूरी तरह घुल जाएगी और पल्प थोड़ा गाढ़ा होने लगेगा. अब गैस की आंच धीमी करें और इसमें कद्दूकस किया हुआ मावा डाल दें. मावा डालने के बाद लगातार चलाते रहें ताकि उसमें कोई गांठ न बने. धीरे-धीरे दोनों चीजें अच्छी तरह मिल जाएंगी और मिश्रण पहले से ज्यादा गाढ़ा दिखने लगेगा.

जब मिश्रण कड़ाही छोड़ने लगे, तब इसमें इलायची पाउडर और हल्के गर्म दूध में भीगे हुए केसर के धागे डाल दें. इससे पेड़े में शानदार खुशबू और हल्का सुनहरा रंग आ जाएगा. अब इसे दो से तीन मिनट और पकाएं. गैस बंद कर दें और मिश्रण को एक प्लेट में निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें. ध्यान रखें कि इसे पूरी तरह ठंडा नहीं करना है. हल्का गर्म रहने पर ही पेड़े आसानी से बनते हैं. अब हाथों पर थोड़ा घी लगाएं और मिश्रण के छोटे-छोटे गोले बना लें. हर गोले को हल्का दबाकर पेड़े का आकार दें. बीच में हल्का सा निशान बना दें और ऊपर से कटे हुए पिस्ता, बादाम या केसर से सजाएं. कुछ देर ठंडा होने के बाद मैंगो पेड़ा पूरी तरह सेट हो जाएगा. अब इसे सर्व करें और परिवार के साथ इसका मजा लें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

मैंगो पेड़ा बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
1. हमेशा मीठे और पूरी तरह पके आम का इस्तेमाल करें.
2. मावा ताजा होना चाहिए, तभी स्वाद बढ़िया आएगा.
3. मिश्रण को लगातार चलाते रहें, नहीं तो नीचे से जल सकता है.
4. ज्यादा तेज आंच पर पकाने से स्वाद और रंग दोनों खराब हो सकते हैं.
5. पेड़े बनाते समय हाथों पर थोड़ा घी जरूर लगाएं.
6. चाहें तो ऊपर से थोड़ी केसर या ड्राई फ्रूट्स डालकर इसे और आकर्षक बना सकते हैं.

क्यों पसंद आएगी यह रेसिपी?
इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत इसकी सादगी है. इसमें मिल्क पाउडर की जरूरत नहीं पड़ती और बहुत कम चीजों से शानदार मिठाई तैयार हो जाती है. इसका स्वाद बाजार के पेड़ों जैसा लगता है, लेकिन इसमें घर की ताजगी और सफाई का भरोसा भी मिलता है. बच्चों से लेकर बड़े तक हर किसी को यह मिठाई पसंद आती है. त्योहार, जन्मदिन या किसी भी खास मौके पर इसे आसानी से बनाया जा सकता है.

About the Author

Mohit Mohit

मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें



Source link

Write A Comment