Last Updated:

Makka Maheri Recipe: चंबल की प्रसिद्ध मक्का की महेरी की बात ही अलग है. चंबल के लोग इस खास पारंपरिक डिश के दीवाने हैं. मक्का महेरी बड़े ही आसान तरीके से बनकर तैयार हो जाती है.

शिवपुरी. खानपान के मामले में भारत के हर क्षेत्र की अपनी एक अलग और खास पहचान है. चंबल क्षेत्र भी अपनी कुछ ऐसी ही पारंपरिक और लजीज पकवानों के लिए जाना जाता है. चंबल क्षेत्र में सबसे ज्यादा मशहूर देसी तरीके से तैयार होने वाली ‘मक्का की महेरी’ के यहां के लोग खासे दीवाने हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह महेरी बड़े ही आसान तरीके से बनकर तैयार हो जाती है और खाने में भी इसका स्वाद बेहद लाजवाब होता है.

मक्का महेरी की खासियत यह है कि आप इसे अपनी पसंद के हिसाब से खा सकते हैं. अगर आप इसे सादा खाना चाहें, तो यह नमकीन और चटपटी लगती है और अगर आप इसे चीनी के साथ खाना चाहते हैं, तो इसका खट्टा-मीठा स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है. कई लोग तो इसमें दूध और शक्कर मिलाकर बड़े चाव से खाना पसंद करते हैं.

कैसे तैयार करें मक्का की महेरी?
मक्का की महेरी को तैयार करने का तरीका बहुत ही सीधा और आसान है. इसे बनाने के लिए आपको किसी तामझाम की जरूरत नहीं पड़ती है. महेरी बनाने के लिए आप सबसे पहले देसी चूल्हा तैयार करें. चूल्हा जलने के बाद उस पर भगोनी (बर्तन) रखें और उसमें मट्ठा (छाछ) डाल दीजिए. मट्ठा जैसे ही हल्का गर्म होने लगे, तो उसमें थोड़ा पानी मिला दें और फिर स्वादानुसार नमक डालिए. इसके बाद आप मक्का का दरा हुआ (दलिया जैसा) बड़ा हिस्सा डाल दें. इसे तब तक चूल्हे पर पकाना होगा, जब तक कि मक्का अच्छी तरह से सीझ (पक) न जाए.

बर्तन में न चिपके, इसलिए रखें इस बात का ध्यान
जैसे ही इस मिश्रण में उबाल आने लगे, इसके बाद आपको इसे चम्मच या कलछी से लगातार चलाते तार देते रहना है ताकि मक्का बर्तन के नीचे चिपक न जाए. जब यह अच्छे से उबलने लगे, तो इसके ऊपर जो चोरी या छिलके आ जाते हैं, उसे आप आटे की छलनी की मदद से ऊपर से निकाल सकते हैं. इससे महेरी साफ हो जाएगी और उसमें कोई चोई नहीं रहेगी. अच्छी तरह पकने के बाद इसे चूल्हे से उतार लें. अब आपकी गरमागरम स्वादिष्ट चंबल स्टाइल मक्का की महेरी बनकर तैयार है. आप चाहें तो इसमें दूध और शक्कर मिलाकर इसके लाजवाब खट्टे-मीठे स्वाद का आनंद ले सकते हैं.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link

Write A Comment