Last Updated:

Coriander Chili Rice Bowl Recipe: अगर आप घर पर कैफे जैसा फ्यूजन फूड बनाना चाहते हैं तो कोरिएंडर चिली राइस बाउल बेहतरीन विकल्प हो सकता है. फूड ब्लॉगर अंजली चौधरी के अनुसार हरे धनिए की ताजगी, चिली फ्लेवर और क्रीमी चीज सॉस का शानदार मेल इस डिश को खास बनाता है. इसे बनाने के लिए महंगी सामग्री की जरूरत नहीं होती और बचे हुए पके चावल का भी आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है. बारिश के मौसम, बच्चों के लंच बॉक्स, फैमिली डिनर या हाउस पार्टी के लिए यह रेस्टोरेंट स्टाइल रेसिपी स्वाद और पोषण का बेहतरीन कॉम्बिनेशन है.

ख़बरें फटाफट

नागौर: राजस्थान का खानपान अपनी सादगी, देसी मसालों और अनोखे स्वाद के लिए देशभर में मशहूर है. हालांकि अब बदलती लाइफस्टाइल के साथ युवाओं और परिवारों में फ्यूजन फूड का चलन भी तेजी से बढ़ रहा है. खासकर जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और सीकर जैसे शहरों के कैफे में राइस बाउल काफी पसंद किए जा रहे हैं. ऐसे में अगर आप भी घर पर रेस्टोरेंट जैसा स्वाद चाहते हैं तो कोरिएंडर चिली राइस बाउल बेहतरीन विकल्प हो सकता है.

हरे धनिए की ताजगी, हल्के तीखे चिली फ्लेवर और क्रीमी चीज सॉस का यह मेल बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगा. फूड ब्लॉगर अंजली चौधरी ने बताया कि इस रेसिपी की खासियत यह है कि इसे बनाने के लिए महंगी या मुश्किल से मिलने वाली सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. घर में बचे हुए पके चावल का भी इसमें शानदार उपयोग किया जा सकता है. वहीं राजस्थान में आसानी से मिलने वाला ताजा हरा धनिया इस डिश के स्वाद को और भी खास बना देता है.

इन सामग्रियों की पड़ेगी जरूरत

इस खास रेसिपी बनाने के लिए चावल के लिए डेढ़ कप पके हुए चावल, 1 छोटा चम्मच चिली ऑयल, 1 छोटा चम्मच बारीक कटा लहसुन, 1 मध्यम बारीक कटा प्याज, आधा कप बारीक कटा हरा धनिया और स्वादानुसार नमक लें. क्रीमी पेपर सॉस के लिए 2 छोटे चम्मच मक्खन, आधा कप बारीक कटा प्याज, 1 कप लाल, पीली और हरी शिमला मिर्च, 1 कप उबला स्वीट कॉर्न, डेढ़ छोटा चम्मच  ऑरिगेनो, 1 बड़ा चम्मच चीज स्प्रेड, 1 बड़ा चम्मच क्रीम, 1 छोटा चम्मच पेरी-पेरी मसाला, स्वादानुसार नमक और जरूरत के अनुसार गर्म पानी की जरूरत होती है.

ऐसे करें तैयार

इसे बनाने के लिए सबसे पहले गर्म पैन में चिली ऑयल डालें. इसमें लहसुन और प्याज को नरम होने तक भूनें. अब बारीक कटा हरा धनिया डालकर एक मिनट पकाएं. इसके बाद पके हुए चावल और स्वादानुसार नमक मिलाकर अच्छी तरह चलाएं. कुछ ही मिनट में खुशबूदार कोरिएंडर चिली राइस तैयार हो जाएंगे. अब दूसरे पैन में मक्खन गर्म करें. इसमें प्याज और ऑरिगेनो भूनने के बाद तीनों रंग की शिमला मिर्च डालें. शिमला मिर्च को ज्यादा न पकाएं ताकि उसका हल्का कुरकुरापन बना रहे. फिर स्वीट कॉर्न मिलाएं और आंच धीमी करके चीज स्प्रेड, क्रीम, पेरी-पेरी मसाला और नमक डालें. थोड़ा-थोड़ा गर्म पानी मिलाते हुए इसे गाढ़ी और चिकनी सॉस बनने तक पकाएं.

बारिश के मौसम में गरमा-गरम खाने का आएगा मजा

परोसते समय एक बाउल में आधी जगह कोरिएंडर चिली राइस और दूसरी तरफ क्रीमी पेपर सॉस रखें. ऊपर से चाहें तो थोड़ा चिली ऑयल, हरा प्याज और ताजा हरा धनिया डालकर सजाएं. यह फ्यूजन रेसिपी फैमिली पार्टी, बच्चों के लंच या बारिश के मौसम में गर्मागर्म खाने के लिए शानदार विकल्प है. राजस्थान के पारंपरिक स्वाद और आधुनिक कुकिंग स्टाइल का यह अनोखा मेल आपकी डाइनिंग टेबल पर रेस्टोरेंट जैसा अनुभव लेकर आएगा.

About the Author

deep ranjan

दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें



Source link

Write A Comment