Why Tea Craving: सुबह अलार्म बजते ही सबसे पहले अगर किसी चीज़ का ख्याल आता है तो वह है गर्मागर्म चाय का कप. कई लोगों के लिए दिन की शुरुआत बिना चाय के अधूरी लगती है. घर हो, ऑफिस हो या सफर, चाय हर जगह लोगों को जोड़ने का काम करती है. यही वजह है कि भारत में चाय सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है. दिलचस्प बात यह है कि जिस चाय के बिना आज करोड़ों भारतीय अपनी सुबह की कल्पना भी नहीं कर पाते, वह हमेशा से भारतीय संस्कृति का हिस्सा नहीं थी. इसका सफर हजारों साल पहले चीन से शुरू हुआ और फिर अंग्रेजों के दौर में भारत पहुंचा.
समय के साथ भारतीयों ने इसे अपने स्वाद और अंदाज के मुताबिक बदल दिया. दूध, अदरक, इलायची और मसालों से बनी चाय ने ऐसी पहचान बनाई कि अब यह हर घर की रसोई में मौजूद है. आइए जानते हैं कि आखिर सुबह उठते ही चाय की तलब क्यों लगती है और कैसे यह हमारी लाइफस्टाइल का सबसे अहम हिस्सा बन गई.
सुबह की शुरुआत चाय से क्यों जुड़ गई?
सुबह उठने के बाद शरीर पूरी तरह सक्रिय होने में थोड़ा समय लेता है. ऐसे में गर्म चाय की खुशबू और उसका स्वाद लोगों को ताजगी का एहसास कराता है. चाय में मौजूद कैफीन दिमाग को अलर्ट महसूस कराने में मदद करती है. यही कारण है कि कई लोगों को लगता है कि बिना चाय के उनकी नींद पूरी तरह नहीं खुलती. हालांकि, यह सिर्फ कैफीन का असर नहीं है. सालों से बनी आदत भी इसकी बड़ी वजह है. जब कोई व्यक्ति रोज एक ही समय पर चाय पीता है तो शरीर और दिमाग उसी रूटीन के आदी हो जाते हैं. इसलिए सुबह उठते ही चाय पीने की इच्छा होना बिल्कुल सामान्य माना जाता है.
चीन से शुरू हुआ चाय का सफर
इतिहासकारों के मुताबिक चाय का इतिहास करीब पांच हजार साल पुराना माना जाता है. एक लोकप्रिय कहानी के अनुसार, लगभग 2737 ईसा पूर्व चीन के राजा शेन नुंग गर्म पानी पी रहे थे. उसी दौरान तेज हवा से पेड़ की कुछ पत्तियां उनके पानी में गिर गईं. जब उन्होंने उस पानी का स्वाद चखा तो उन्हें वह बेहद पसंद आया. माना जाता है कि यही चाय की पहली खोज थी. इसके बाद धीरे-धीरे चीन में चाय का इस्तेमाल बढ़ने लगा और समय के साथ यह दुनिया के दूसरे देशों तक भी पहुंच गई.
भारत में कैसे पहुंची चाय?
19वीं शताब्दी की शुरुआत में चाय के व्यापार पर चीन का दबदबा कम होने लगा. इसके बाद ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने भारत में बड़े पैमाने पर चाय की खेती शुरू की. असम और दार्जिलिंग जैसे इलाकों में 1830 के दशक में विशाल चाय बागान लगाए गए. शुरुआत में यहां उगाई गई चाय का इस्तेमाल मुख्य रूप से ब्रिटेन भेजने के लिए किया जाता था. उस समय आम भारतीयों के बीच चाय ज्यादा लोकप्रिय नहीं थी.
मुफ्त चाय ने बदल दी लोगों की आदत
जब अंग्रेजों ने देखा कि भारत में चाय की खपत कम है, तब उन्होंने लोगों के बीच इसकी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए खास अभियान चलाया. रेलवे स्टेशनों पर मुफ्त चाय बांटी जाने लगी. यात्रियों को बिना पैसे चाय चखने का मौका मिला और धीरे-धीरे लोगों को इसका स्वाद पसंद आने लगा. इसके बाद चाय दुकानों, बाजारों और घरों तक पहुंच गई. देखते ही देखते यह हर वर्ग की पसंद बन गई.
भारतीयों ने अपने स्वाद के मुताबिक बदली चाय
शुरुआती दौर में चाय सिर्फ गर्म पानी और चाय की पत्तियों से बनाई जाती थी. उसमें न दूध होता था और न ही मसाले, लेकिन भारतीयों ने इसे अपने स्वाद के अनुसार बदल दिया. दूध, चीनी, अदरक, इलायची, दालचीनी, लौंग और कई दूसरे मसालों के साथ बनी मसाला चाय ने एक अलग पहचान बना ली. आज देश के अलग-अलग राज्यों में चाय बनाने का तरीका भी अलग देखने को मिलता है. कहीं कुल्हड़ वाली चाय मशहूर है तो कहीं कटिंग चाय लोगों की पहली पसंद है.
चाय सिर्फ पेय नहीं, सामाजिक जुड़ाव का जरिया भी है
भारत में चाय का मतलब सिर्फ प्यास बुझाना नहीं है. दोस्तों की मुलाकात हो, परिवार के साथ बातचीत, ऑफिस की मीटिंग या किसी मेहमान का स्वागत, हर मौके पर चाय मौजूद रहती है. गांव की छोटी चाय की दुकान से लेकर बड़े शहरों के कैफे तक, चाय लोगों को बातचीत और अपनापन महसूस कराने का जरिया बन चुकी है. यही वजह है कि इसे भारतीय लाइफस्टाइल का अहम हिस्सा माना जाता है.
चाय पीते समय रखें संतुलन का ध्यान
विशेषज्ञ मानते हैं कि सीमित मात्रा में चाय पीना ठीक है, लेकिन जरूरत से ज्यादा चाय पीने की आदत से बचना चाहिए. खाली पेट बहुत अधिक चाय पीने से कुछ लोगों को गैस, एसिडिटी या बेचैनी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. इसलिए संतुलित मात्रा में और सही समय पर चाय पीना बेहतर माना जाता है.