Last Updated:
Gorakhpur Famous Non Veg Food: गोरखपुर में अगर देसी स्वाद वाले मटन और नॉनवेज की बात हो तो यहां की कई पुरानी दुकानें अपने खास जायके के लिए जानी जाती हैं. मिट्टी की हांडी में धीमी आंच पर पकाया गया मटन, गाढ़ी मसालेदार ग्रेवी और पुरानी रेसिपी से तैयार व्यंजन लोगों को बार-बार अपनी ओर खींचते हैं. अदालत हांडी मटन से लेकर भोला मटन, कालिका मटन और पुराने सिंधी होटल तक, शहर में ऐसे कई ठिकाने हैं जहां नॉनवेज के शौकीन पारंपरिक स्वाद का आनंद लेने पहुंचते हैं.
अगर हांडी मटन की बात हो और अदालत हांडी मटन का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. यहां मिट्टी की हांडी में धीमी आंच पर पकाया गया मटन अपनी खुशबू और मुलायम स्वाद के लिए जाना जाता है. खास बात यह है कि हांडी के अंदर ही मसाले धीरे-धीरे पकते हैं, जिससे हर निवाले में देसी स्वाद महसूस होता है. कई ग्राहक बताते हैं कि यहां की ग्रेवी इतनी स्वादिष्ट होती है कि लोग रोटी और चावल के साथ इसका पूरा आनंद लेते हैं.
गोरखपुर का भोला मटन अपने गाढ़े मसालों और देसी अंदाज के लिए काफी मशहूर है. यहां मटन को बड़े पतीले में तीन से चार घंटे तक धीमी आंच पर पकाया जाता है, जिससे मसालों का स्वाद हर पीस में अच्छी तरह उतर जाता है. कई लोग यहां खासतौर पर इसकी मसालेदार ग्रेवी का स्वाद लेने पहुंचते हैं. गर्मागर्म तंदूरी रोटी, चावल या पराठे के साथ परोसा जाने वाला यह मटन शहर के पुराने और पसंदीदा जायकों में गिना जाता है.
कालिका मटन भी गोरखपुर के नॉनवेज प्रेमियों की पसंदीदा जगहों में शामिल है. यहां मिलने वाला देसी मसालों से तैयार मटन और चिकन लोगों को खूब पसंद आता है. मसालों का सही संतुलन, मुलायम मटन और भरपूर ग्रेवी इसकी खास पहचान है. कई ग्राहक यहां परिवार और दोस्तों के साथ देसी अंदाज में मटन का स्वाद लेने पहुंचते हैं और एक बार खाने के बाद दोबारा जरूर लौटते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
करीब 50 साल पुराना दानाराम का सिंधी होटल भी गोरखपुर की पहचान बना हुआ है. यहां सिंधी मसालों से तैयार होने वाला मटन और चिकन करी आज भी पुराने स्वाद को बरकरार रखे हुए है. वर्षों से एक जैसी गुणवत्ता और पारंपरिक रेसिपी की वजह से यहां पुराने ग्राहकों के साथ नई पीढ़ी के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं. होटल का देसी अंदाज और सादा लेकिन दमदार स्वाद इसकी सबसे बड़ी खासियत है.
गोरखपुर में नॉनवेज का स्वाद सिर्फ मटन और चिकन करी तक सीमित नहीं है. कई जगहों पर लिट्टी के साथ मसालेदार मटन परोसा जाता है, तो कहीं रोस्टेड चिकन और तंदूरी आइटम लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं. कुछ ढाबों पर ग्रेवी, रोटी और चावल के साथ मटन परोसने की परंपरा भी है, जबकि कुछ जगहों पर मटके में तैयार मटन और देसी हांडी चिकन का स्वाद लोगों को बार-बार अपनी ओर खींच लाता है.
गोरखपुर के कई नॉनवेज ठिकानों पर खास मसालों और पुरानी तकनीक से व्यंजन तैयार किए जाते हैं. अगर आप गोरखपुर आ रहे हैं तो यहां के इन खास जायकों का स्वाद जरूर ले सकते हैं. शहर के कई स्थानों पर मिलने वाला कबाब पराठा भी लोगों के बीच काफी पसंद किया जाता है. इंदिरा बाल विहार समेत कई जगहों पर कबाब पराठे का स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है. वहीं दानाराम के सिंधी होटल पर भी लोग इसका जायका लेने पहुंचते हैं.
गोरखपुर में फ्राइड चिकन का भी अलग ही ट्रेंड देखने को मिलता है. कई लोग नॉनवेज खाने से पहले फ्राइड चिकन का स्वाद लेना पसंद करते हैं. शहर के नौका विहार और गोलघर समेत कई जगहों पर चिकन फ्राई के विकल्प मिल जाते हैं. वहीं GDA टावर में भी फ्राइड चिकन के अलग-अलग स्वाद और रेसिपी लोगों को पसंद आते हैं.