चंडीगढ़ः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में 4,700 करोड़ रुपये से ज़्यादा की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। चंडीगढ़ की इस रैली में उस समय दिलचस्प दृश्य देखने को मिला, जब रैली खत्म होने के बाद पीएम मोदी से मनीष तिवारी से मिले। हालांकि, मनीष तिवारी चंडीगढ़ से कांग्रेस के सांसद हैं और अपने इलाके में हुए सरकारी कार्यक्रम में उनका शामिल होना नॉर्मल बात थी लेकिन पिछले काफी समय से जिस तरह कांग्रेस हाई कमान और मनीष तिवारी के संबंधों की खबरें आती हैं उसे देखते हुए ये मुलाकात अहम मानी जा रही है। हाल ही में जब कांग्रेस ने पंजाब के लिए अपनी कमेटियों का एलान किया था, तब मनीष तिवारी ने उन्हें कोई जिम्मेदारी नहीं दिए जाने पर नाराज़गी जताई थी।
पीएम मोदी से मिलने का वीडियो वायरल
पीएम मोदी और कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी के मुलाकात का वीडियो भी सामने आया है। 10 सेकेंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गर्मजोशी से मिले और हाथ मिलाया। इस दौरान वह हंसते हुए पीएम मोदी से बातचीत भी करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा भी मौजूद रहे।
यहां देखें वीडियो
पीएम मोदी ने कही ये बातें
इससे जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चंडीगढ़ के विकास से न केवल केंद्र शासित प्रदेश को बल्कि पड़ोसी राज्यों को भी फायदा होता है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और सड़क बुनियादी ढांचे से जुड़ी 4,700 करोड़ रुपये से ज़्यादा की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने चंडीगढ़ को नियोजित विकास का मॉडल बताया और कहा कि NDA सरकार ने हमेशा इसके विकास को प्राथमिकता दी है।
पीएम मोदी ने कहा, “आज आप सबके बीच आकर मेरा मन एक अनोखी खुशी से भर गया है। चंडीगढ़ सिर्फ़ एक शहर नहीं है। यह भारत के लिए विकास का एक मॉडल रहा है। चंडीगढ़ अपने नियोजित विकास, बेहतर जीवन शैली, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए जाना जाता है और इन सबके साथ-साथ चंडीगढ़ की पहचान मां चंडिका का आशीर्वाद भी है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ का विकास लंबे समय से NDA सरकार के शासन मॉडल की पहचान रहा है। उन्होंने कहा, “चंडीगढ़ के विकास से लोगों का जीवन बदल गया है। लेकिन इसके फ़ायदे शहर से आगे बढ़कर हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लोगों तक भी पहुंचते हैं। मुझे पता है कि स्वास्थ्य सेवा के नज़रिए से चंडीगढ़ एक महत्वपूर्ण केंद्र है। आज PGI चंडीगढ़ में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे लाखों लोगों को फ़ायदा होगा। चंडीगढ़ के अलावा पीएम मोदी ने पंजाब का भी दौरा किया और जालंधर में कई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
पंजाब पर बीजेपी की नजर
बता दें कि पश्चिम बंगाल फतह करने के बाद बीजेपी की नज़र अब पंजाब पर है। बीजेपी को लगता है कि अगर अपने पत्ते सही तरीके से खेले जाएं तो पंजाब में पैठ बनाई जा सकती है। कांग्रेस में अंदरूनी झगड़ा चल रहा है। आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान का अकाल तख्त के साथ विवाद चल रहा है। ऐसे में बीजेपी पहली बार पंजाब में पूरी ताकत से अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इस बार वो अपने लिए पंजाब में संभावना देख रही है।
इनपुट- एएनआई
ये भी पढ़ेंः पीएम मोदी ने 75 अमृत भारत स्टेशनों का किया शुभारंभ, 2 नई एक्सप्रेस ट्रेनों को भी दिखाई हरी झंडी