कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को पार्टी छोड़ने वाले बागियों पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वे ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों के डर से पाला बदलकर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं या फिर बागी गुट में जा रहे हैं। अभिषेक ने कहा कि जिन लोगों ने केंद्रीय जांच एजेंसियों से समन मिलने के बाद अपना राजनीतिक पाला बदला, उन्होंने ऐसा डर के कारण किया। हर किसी को अपना फैसला लेने और जहां चाहे वहां जाने का अधिकार है। लेकिन अगर कोई ईडी का समन मिलते ही पाला बदल लेता है तो यह साफ है कि वह लड़ना नहीं चाहता।
बागियों को चुनौती देते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा, “जो लोग पार्टी छोड़कर चले गए और आज मुझ पर आरोप लगा रहे हैं या मुझे बुरा-भला कह रहे हैं। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे दीदी (ममता बनर्जी) के पास वापस आ जाएं। अगर वे ऐसा करते हैं तो मैं एक घंटे के अंदर पार्टी से इस्तीफ़ा दे दूंगा। लेकिन मैं जानता हूं वे ऐसा नहीं करेंगे। उन्होंने बीजेपी के साथ डील की है। पार्टी छोड़ो, बागी खेमे या बीजेपी में शामिल हो जाओ, ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियों से सुरक्षा लो और फिर अभिषेक बनर्जी पर आरोप लगाओ और उन्हें बुरा-भला कहो। यह बागियों की आदत हो चुकी है”।