उत्तर प्रदेश के हापुड़ में कानून व्यवस्था और पुलिस के काम करने के तरीके पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। नगर कोतवाली के केशव नगर चौकी इलाके में कुछ दबंगों ने एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दीपक पाल नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसके सिर पर गहरी चोटें आई हैं और काफी टांके लगे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि पीड़ित ने पुलिस पर ही आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया है।
दूध लेने गए युवक को बेरहमी से पीटा और लूटा
पीड़ित दीपक पाल ने बताया कि यह घटना 12 जुलाई की रात करीब 9:15 बजे की है। वह अपनी दुकान के पीछे गोपाल डेयरी के पास दूध लेने गया था। तभी पहले से घात लगाए बैठे सौरभ, सचिन, राहुल और आयुष नाम के चार दबंगों ने उस पर लोहे के कड़े और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। दबंगों ने उसे बेरहमी से पीटा, घसीटते हुए दुकान तक लाए। इस दौरान उसका मोबाइल तोड़ दिया और जेब से 2500 रूपये भी लूट लिए। लहूलुहान हालत में दीपक का भाई उसे चौकी ले गया, जहां से पुलिस ने उसे अस्पताल भेजा।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे गंभीर सवाल
इस मामले में पुलिस की भूमिका शुरुआत से ही संदिग्ध रही है। घायल दीपक का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ दिखावे के लिए एक आरोपी का धारा 151 में चालान किया और घटना की तारीख भी 12 जुलाई की जगह 13 जुलाई लिख दी। इसके बाद जब पीड़ित ने हापुड़ के डीएसपी (DSP) से गुहार लगाई, तब जाकर एफआईआर दर्ज हुई। लेकिन आरोप है कि यहां भी पुलिस ने खेल कर दिया; आरोपियों को कड़ी सजा से बचाने के लिए रात 9:15 बजे की घटना को सुबह 9:00 बजे का दिखा दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज ने खोली पुलिस की पोल
अब इस घटना के दो सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आए हैं, जिसने पुलिस के दावों की पोल खोल दी है। पहले फुटेज में ये दबंग एक दुकान के अंदर घुसकर दुकानदार से मारपीट करते दिख रहे हैं। वहीं दूसरे फुटेज में ये चारों दबंग रात के समय सड़क पर दीपक पाल को घेरकर लाठियों और हथियारों से पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो में समय भी रात के करीब 9:06 बजे का दिख रहा है। इसके बावजूद पुलिस कोई कड़ा एक्शन नहीं ले रही है, जिससे आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित को केस वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
हापुड़ से निशांक शर्मा की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
ओवरटाइम में शराब नहीं मिली तो काट दी ठेके की बिजली, CCTV फुटेज आया सामने; जांच में जुटी पुलिस
यह भी पढ़ें
ओवरटाइम में शराब नहीं मिली तो काट दी ठेके की बिजली, CCTV फुटेज आया सामने; जांच में जुटी पुलिस