नरसिंहपुर: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां पिकनिक से लौट रहे पांच दोस्तों की एक सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग पिकनिक से लौट रहे थे। इसी दौैरान हाईवे किनारे तस्वीरें लेने के लिए ये लोग रुके हुए थे, तभी यह हादसा हो गया। किसी भारी वाहन ने सभी दोस्तों को कुचल दिया।
तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम NH-45 के किनारे खड़े दोस्तों को एक तेज रफ़्तार भारी वाहन ने कुचल दिया। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक ये लोग पिकनिक मनाने के लिए नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा पर स्थित हाथीनाला झरने गए थे। ये हादसा पिकनिक से लौटते समय इंदिरा नगर के पास हुआ।
जबलपुर के रहने वाले थे सभी लोग
घटनास्थल से सुआतला की SHO प्रियंका केवट ने बताया कि पांच लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। मृतकों की पहचान राजेंद्र पटेल (22), वीरेंद्र लोधी (20), रामपाल सिंह लोधी (21), जयपाल सिंह लोधी (30) और नीरज सिंह लोधी (25) के रूप में हुई है। वहीं एक व्यक्ति जो घायल हुआ है, उसकी पहचान आकाश सिंह लोधी (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी पीड़ित जबलपुर जिले के रहने वाले थे।
सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही पुलिस
SHO ने बताया कि वाहन का ड्राइवर जो संभवतः ट्रक या डंपर था, दुर्घटना के बाद मौके से भाग गया। उन्होंने कहा, “अभी यह पता नहीं चल पाया है कि घटना में कौन सा वाहन शामिल था। पुलिस इलाके के CCTV फुटेज की जांच कर रही है और वाहन व उसके ड्राइवर की पहचान करने के लिए चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है।”
पिकनिक से लौटते समय हुआ हादसा
वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि झरने से लौटने के बाद ये 6 दोस्त तस्वीरें लेने के लिए हाईवे के किनारे रुके थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि राजेंद्र पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोगों की अस्पताल ले जाते समय चोटों के कारण मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
रथयात्रा से युवती को किडनैप कर ले गया प्रेमी, हत्या कर जंगल में फेंक दी लाश; शव बरामद