ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक गर्लफ्रेंड ने अपने बॉयफ्रेंड की बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गई। सबूत मिटाने के लिए आरोपी गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड के शव को 24 घंटे के लिए पानी में रख दिया था, जिससे वह सड़ जाए। पुलिस आरोपी गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी है।
क्या है पूरा मामला?
ठाणे के कल्याण मलंग रोड पर नीलकंठ सोसाइटी के बाथरूम में एक डेडबॉडी मिली है। फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, मानपाड़ा पुलिस ने मर्डर केस दर्ज किया है।
कल्याण के मलंग रोड इलाके के काकाचा ढाबा में एक हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री ने हलचल मचा दी है। पुलिस की शुरुआती जानकारी है कि नीलकंठ सोसाइटी में एक व्यक्ति के सिर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इस बेरहमी से की गई हत्या के बाद, आरोपी महिला ने सबूत मिटाने के लिए लाश को बोरे में भरा।
मानपाड़ा पुलिस ने इस मामले में मर्डर केस दर्ज कर लिया है और आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है। पिछले दो-तीन दिनों से नीलकंठ सोसाइटी के एक बंद घर से बहुत बुरी बदबू आ रही थी। आस-पास के लोगों ने तुरंत मानपाड़ा पुलिस को इसकी जानकारी दी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घर बाहर से बंद था। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी। घर में हर तरफ सन्नाटा था, लेकिन जैसे ही वे बाथरूम की तरफ गए, पुलिस को एक संदिग्ध बोरा मिला। जब बोरा खोला गया तो पुलिस को अंदर सड़ी-गली हालत में एक आदमी की ‘डेड बॉडी’ मिली।
क्राइम की जांच करते समय पुलिस को बहुत चौंकाने वाली जानकारी मिली। आरोपी महिला ने अपने प्रेमी की हत्या के बाद बॉडी को बोरे में भर दिया। पुलिस को शक है कि इसके पीछे उसका इरादा बॉडी को ठिकाने लगाने या उसे खत्म करने का रहा होगा। इसके लिए उसने बाथरूम का नल खुला रखा था। हर दिन जब सोसायटी में पानी छोड़ा जाता था, तो पानी सीधे बोरे पर गिरता था, जिससे बॉडी पानी में भीगकर जल्दी सड़ जाती थी, और खून के धब्बे भी धुल जाते थे।
आरोपी महिला का ‘वॉइस मेल’ और पुलिस को चैलेंज
मर्डर के बाद, आरोपी महिला बिना कोई सबूत छोड़े सीधे कोलकाता की तरफ भाग गई। हालांकि, भागने के बाद उसने मकान मालिक को एक वॉइस मेल भेजा। इस वॉइस मेल में उसने कहा, “फ्लैट के बाथरूम का नल चल रहा है और वहां एक डेड बॉडी रखी है।” जैसे ही मकान मालिक ने यह वॉइस मेल सुना, उसके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। उसने तुरंत पुलिस से कॉन्टैक्ट किया।
मानपाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और बॉडी को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया और केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है। इससे पहले महाराष्ट्र के वाशिम से भी एक चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया था। यहां एक पति ने बेरहमी से पत्नी की हत्या की थी और शव लेकर घंटों कार में घूमता रहा था। (रिपोर्ट- कल्याण से सुनील शर्मा)
ये भी पढ़ें-
चेतन से प्यार और केतन से सगाई, सिया ने मंगेतर की कैसे हत्या की, CCTV से साजिश का यूं हुआ खुलासा