विश्व प्रसिद्ध वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है। इस बार मामला दर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था नहीं, बल्कि एक श्रद्धालु के साथ कथित मारपीट का है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में मंदिर परिसर में तैनात एक महिला कांस्टेबल एक युवक को लगातार थप्पड़ मारती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठ रहे हैं और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि घटना रविवार सुबह की है, जबकि इसका वीडियो सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जानकारी के मुताबिक, युवक अपने परिवार के साथ ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन के लिए आया था। वह मंदिर के गेट नंबर-4 स्थित VIP रेलिंग के पास कतार में खड़ा था। इसी दौरान भारी भीड़ के कारण धक्का-मुक्की हुई और महिला कांस्टेबल को भी धक्का लग गया।
महिला कांस्टेबल ने बरसाए थप्पड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धक्का लगने के बाद महिला कांस्टेबल का गुस्सा फूट पड़ा। उसने युवक की टी-शर्ट पकड़कर उसे लाइन से बाहर खींच लिया और फिर उसके बाल पकड़कर लगातार थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। वहीं, पास में मौजूद एक पुलिसकर्मी ने युवक के हाथ पकड़ लिए, जिससे वह खुद का बचाव भी नहीं कर सका। दावा किया जा रहा है कि महिला कांस्टेबल ने महज 25 सेकेंड के भीतर युवक को आठ थप्पड़ जड़ दिए।
इस दौरान युवक की मां अपने बेटे को बचाने के लिए दौड़कर पहुंची। वह रोते हुए पुलिसकर्मियों से बार-बार कहती रही- छोड़ दीजिए, मेरा बेटा मर जाएगा। लेकिन उसकी गुहार का कोई असर नहीं हुआ और महिला कांस्टेबल युवक को पीटती रही। मौके पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने भी बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मी नहीं रुके।
56 सेकेंड का वीडियो वायरल
मारपीट का विरोध बढ़ने और लोगों द्वारा मोबाइल फोन से वीडियो बनाए जाने के बाद अन्य पुलिसकर्मी युवक को VIP वेटिंग एरिया से बाहर ले गए। इसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। करीब 56 सेकेंड के वायरल वीडियो में लाल टी-शर्ट पहने युवक को तीन-चार पुलिसकर्मियों से घिरा देखा जा सकता है। महिला कांस्टेबल पहले उसे रेलिंग से दूर धकेलती है, फिर टी-शर्ट पकड़कर थप्पड़ मारना शुरू कर देती है। युवक खुद को बचाने की कोशिश करता है, लेकिन एक पुलिसकर्मी उसका हाथ पकड़े रहता है। इसी बीच उसकी मां लगातार बेटे को छोड़ने की गुहार लगाती दिखाई देती है।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में अब पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान भी आया है। CO सदर वरुण कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामले का निपटारा हो गया है।
(रिपोर्ट: विपिन)
यह भी पढ़ें: