असम में सोमवार को बाढ़ की स्थिति काफी बिगड़ गई। लगातार हो रही बारिश के कारण विभिन्न नदियों का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने से 15 जिलों में 3.63 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। असम सरकार की ओर से ये जानकारी दी गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या रविवार को सात जिलों में 57,100 से अधिक थी, जो सोमवार को बढ़कर 15 जिलों के कई राजस्व मंडलों में 3.63  लाख से ज्यादा हो गई है। 

सड़कें, पुल और अन्य सार्वजनिक अवसंरचनाएं क्षतिग्रस्त

सरकार के बुलेटिन के मुताबिक, इस साल आई बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 5 है। वर्तमान में कुल 580 गांव पानी में डूबे हुए हैं, जबकि 10,362.9 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है। कई जिलों में बाढ़ के पानी से तटबंध, सड़कें, पुल और अन्य सार्वजनिक अवसंरचनाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं। 

खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं नदियां

ब्रह्मपुत्र नदी नेमाटीघाट में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि उसकी सहायक नदियां खोवांग में बुरीदिहिंग, शिवसागर में दिखौ, नांगलामुराघाट में दिसांग और नुमालीगढ़ में धनसिरी भी खतरे के स्तर से ऊपर बह रही हैं। 

भारतीय सेना को किया गया तैनात

इस बीच, मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने बताया कि ऊपरी असम के कई जिलों में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए भारतीय सेना को तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए चार मंत्रियों को प्रभावित इलाकों में भेजा गया है। 

भारी बारिश का अलर्ट

असम की राजधानी गुवाहाटी में अगले 24 घंटों में शहर में और बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका है। कामरूप मेट्रोपालिटन के जिला आयुक्त स्वप्नील पॉल ने बताया कि कम से कम 5 स्थानों पर भूस्खलन की सूचना मिली है। 

उन्होंने कहा कि हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की अब तक कोई जानकारी नहीं है। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशांति लॉज के आगे कामाख्या मुख्य मार्ग, गणेश मंदिर के पास कामाख्या कॉलोनी, पानी के टैंकर के निकट पश्चिम कामाख्या गांव, पांडु टेंपल घाट और मालीगांव का माधवदेवनगर शामिल हैं। (इनपुट-पीटीआई)

ये भी पढ़ें: 

भारी बारिश के चलते देहरादून–मसूरी मार्ग अगले आदेश तक बंद, पानी वाले बैंड के पास सड़क हुई क्षतिग्रस्त-VIDEO





Source link

Write A Comment