Last Updated:
Chiken Masala Recipe: बारिश के सुहाने मौसम में अगर गरमा-गरम और मसालेदार चिकन खाने का मन हो, तो यह आसान चिकन मसाला रेसिपी आपके लिए बेहतरीन विकल्प है. काली मिर्च, सौंफ, नारियल और खुशबूदार मसालों से तैयार यह डिश स्वाद में बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसी लगती है. इसे घर पर कम समय में आसानी से बनाया जा सकता है और यह रोटी, नान, पराठे या गर्म चावल के साथ खाने में बेहद लाजवाब लगती है. अगर वीकेंड या किसी खास मौके पर परिवार के लिए कुछ स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें.
बारिश का मौसम आते ही गरमा-गरम और मसालेदार खाने का मन करने लगता है. ठंडी हवा और हल्की फुहारों के बीच स्वादिष्ट चिकन खाने का मजा ही अलग होता है. अगर आप भी नॉनवेज खाने के शौकीन हैं, तो घर पर बना मसालेदार चिकन मसाला आपके खाने का स्वाद दोगुना कर सकता है.
हर बार होटल या रेस्टोरेंट जाना संभव नहीं होता. ऐसे में आप घर पर ही रेस्टोरेंट जैसा स्वादिष्ट चिकन मसाला आसानी से बना सकते हैं. सही मसालों और आसान विधि से तैयार यह डिश स्वाद में शानदार होती है और ज्यादा समय भी नहीं लेती.
चिकन मसाला बनाने के लिए सबसे पहले मसालों का एक खास पेस्ट तैयार किया जाता है, जो इस डिश के स्वाद को अलग पहचान देता है. इसके लिए एक मिक्सर जार में काली मिर्च, जीरा, सौंफ और ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें. इसमें थोड़ा-सा पानी मिलाकर सभी सामग्री का बारीक और स्मूद पेस्ट तैयार कर लें. यही पेस्ट चिकन में गहराई और बेहतरीन फ्लेवर जोड़ता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अब एक कढ़ाई या गहरे पैन में आवश्यकतानुसार तेल डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद इसमें बारीक कटा प्याज डालें और हल्का सुनहरा या गुलाबी होने तक भूनें. इसके बाद इसमें करी पत्ता और बारीक कटा या कद्दूकस किया हुआ अदरक डालकर करीब एक मिनट तक अच्छी तरह भूनें, ताकि इनकी खुशबू मसालों में अच्छी तरह घुल जाए.
इसके बाद कढ़ाई में लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें और सभी मसालों को अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें साफ किए हुए चिकन के टुकड़े डालें और कुछ मिनट तक मसालों के साथ चलाते हुए भूनें, फिर पहले से तैयार किया गया मसाले का पेस्ट चिकन में मिलाएं और सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें, ताकि मसाले की परत चिकन के हर टुकड़े पर समान रूप से चढ़ जाए.
अब इसमें लगभग 750 से 800 मिलीलीटर पानी डालें और एक बार अच्छी तरह चलाकर कढ़ाई को ढक्कन से ढक दें. चिकन को धीमी आंच पर तब तक पकने दें, जब तक वह पूरी तरह नरम न हो जाए और मसालों का स्वाद उसमें अच्छी तरह समा न जाए. बीच-बीच में एक-दो बार चलाते रहें, ताकि मसाले कढ़ाई में चिपकें नहीं.
जब ग्रेवी हल्की गाढ़ी होने लगे और ऊपर तेल दिखाई देने लगे, तो समझ लें कि आपका स्वादिष्ट चिकन मसाला तैयार है. आखिर में इसे ताजे हरे धनिए से सजाकर गरमागरम परोसें. यह लाजवाब चिकन मसाला गर्म चावल, तंदूरी रोटी, फुल्का, नान या पराठे के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है.
अगर वीकेंड पर परिवार के साथ कुछ खास खाना हो या घर में मेहमान आने वाले हों, तो यह चिकन मसाला बेहतरीन विकल्प है. बारिश के मौसम में इसका मसालेदार और खुशबूदार स्वाद हर किसी को पसंद आएगा और खाने का मजा कई गुना बढ़ा देगा.