कूचबिहार: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद टीएमसी की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। पार्टी में फूट के बाद अब तृणमूल कांग्रेस के कूचबिहार जिले के पूर्व अध्यक्ष अभिजीत डे भौमिक को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें कूचबिहार कोतवाली पुलिस ने बागडोगरा एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर अभिजीत डे भौमिक को एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया। अचानक हुई गिरफ्तारी से इलाके के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
फिलहाल पुलिस अभिजीत डे भौमिक को लेकर कूचबिहार के लिए रवाना हो चुकी है। किस मामले में और किन धाराओं के तहत यह गिरफ्तारी की गई है, पुलिस प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। मामले की आगे की जांच जारी है