सूरत समेत दक्षिण गुजरात में मूसलाधार बारिश का दौर एक बार फिर से जोर पकड़ने लगा है। मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बाद हुई मुसलाधार बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। वहीं, ऊपरी क्षेत्र से आए पानी और लगातार बारिश के कारण शहर की 5 प्रमुख खाड़ियों में पानी का लेवल खतरे के निशान तक पहुंच गया, जबकि भेड़वाड़ खाड़ी अपने खतरे की निशान से ऊपर बह रही है।
IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने सूरत में आधी रात से सुबह 4 बजे तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। शहर में बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। लोगों से बुधवार रात अनावश्यक रूप से बाहर ना निकलने की अपील की गई है। साथ ही सतर्क रहने को कहा गया है।
खाड़ी का पानी ओवरफ्लो होने से उधना के संजय नगर के लोगो को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने के लिए लाउडस्पीकर द्वारा ऐलान किया गया और जल्द से जल्द महानगर पालिका के राहत कैंपों में जाने के लिए गुहार लगाई गई। हालात ऐसे हो गए है कि लोगों को एक बार फिर 7 जुलाई को आई खाड़ी बाढ़ का भयावह स्थिति याद आ रही है।
सूरत में भारी बारिश
‘महज 4 इंच बारिश में शहर की खाड़ियां ओवरफ्लो’
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि महानगरपालिका हर साल प्री मानसून तैयारियों के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करती है, लेकिन महज 4 इंच बारिश में ही शहर की खाड़ियां ओवरफ्लो होने लगी। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पहले कभी भी खाड़ी ओवरफ्लो नहीं होती थी, पर जबसे खाड़ियों के आसपास मल्टी स्टोरेज बिल्डिंग बनी है तब से खाड़िया ओवरफ्लो हो रही हैं।
वलसाड में 10 घंटे में 243 मिमी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त
दक्षिण गुजरात के वलसाड में भी भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शहर में बुधवार को सिर्फ 10 घंटे में 243 मिमी बारिश दर्ज की गई जिसके बाद अधिकारियों को प्रभावित 200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा। हालात को देखते हुए शहर के स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई। साथ ही जिले की 325 से अधिक सड़कें भी बंद कर दी गई हैं।
सूरत में बाढ़ जैसे हालात।
200 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
भारी बारिश के कारण वलसाड शहर के कई निचले इलाकों और जिले के गांवों में जलभराव हो गया। गांधीनगर स्थित राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र ने बताया कि वलसाड शहर में बुधवार सुबह छह बजे से शाम चार बजे के बीच 243 मिमी बारिश हुई। वलसाड शहर के कश्मीर नगर इलाके से, जो औरंगा नदी के किनारे निचले क्षेत्र में बसा एक रिहायशी इलाका है, कम से कम 200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। एहतियात के तौर पर स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थान बंद रखे गए हैं।
कल भी होगी भारी बारिश!
वलसाड में NDRF और SDRF की एक-एक टीम बचाव कार्य में जुटी हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तरी गुजरात में गुरुवार को भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। बता दें कि हाल में सूरत में मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाया था। सूरत की महावीर सोसायटी में छठ पूजा के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से 2 बच्चियों की मौत हो गई थी।
(इनपुट- शैलेष चांपानेरिया, PTI)
यह भी पढ़ें-
भारी बारिश और भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे बंद, अलग-अलग घटनाओं में 23 की मौत, 7 लापता