महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रहने वाले लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के बीच मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले सातों जलाशयों में जल भंडार तेजी से बढ़ा है। बुधवार 22 जुलाई सुबह 6 बजे से गुरुवार 23 जुलाई सुबह 6 बजे तक हुई बारिश के बाद सातों झीलों में कुल जल भंडार 69.74 प्रतिशत तक पहुंच गया है। आपको बता दें कि पिछले 24 घंटों में जलाशयों के जलस्तर में 7.84 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मोडक सागर झील ओवरफ्लो
इस बीच बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी BMC ने जानकारी दी है कि मुंबई को पेयजल उपलब्ध कराने वाली मोडक सागर झील गुरुवार तड़के करीब 2:07 बजे ओवरफ्लो होने लगी। इस मानसून में ओवरफ्लो होने वाली यह चौथी झील है। इससे पहले विहार, तुलसी और तानसा झीलें भी भरकर ओवरफ्लो हो चुकी हैं। मोडक सागर झील की अधिकतम जल भंडारण क्षमता 1,28,925 मिलियन लीटर (करीब 12,892.5 करोड़ लीटर) है।
पेयजल भंडार को लेकर राहत की स्थिति
बीएमसी की ओर से गुरुवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश से जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आने वाले समय में मुंबई के पेयजल भंडार को लेकर राहत की स्थिति बनती दिख रही है। इससे पहले 20 जुलाई 2026 की सुबह तक मुंबई के सातों जलाशयों में कुल जल भंडारण 54.05 प्रतिशत तक पहुंच गया था। अब ये आंकड़ा 69.74 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
तानसा झील भी ओवरफ्लो
इससे पहले बुधवार को मुंबई की तानसा झील भी ओवरफ्लो हो गई थी। बीएमसी ने बताया था कि पूरे ग्रेटर मुंबई इलाके को पानी सप्लाई करने वाली अहम झीलों में से एक, तानसा झील, सुबह करीब 8:51 बजे ओवरफ्लो होने लगी। तानसा बांध के गेट खोल दिए गए हैं। तानसा झील की पानी जमा करने की अधिकतम क्षमता 14,508 करोड़ लीटर है।
आपको बता दें कि कुछ ही समय पहले तक मुंबई पानी की कमी का डर सता रहा था।