Last Updated:

Rajasthani Style Besan curry Making Tips: अगर आप बेसन की सब्जी में हलवाई जैसा स्वाद चाहते हैं तो सबसे पहले बेसन को अच्छी तरह भूनें, ताकि उसका कच्चापन पूरी तरह खत्म हो जाए. स्वाद बढ़ाने के लिए बेसन के टुकड़ों को हल्का सा तेल में सेंककर ग्रेवी में डाल सकते हैं. ग्रेवी में ताजा मलाई या दही मिलाने से सब्जी और भी स्वादिष्ट व मलाईदार बनती है. वहीं आखिर में थोड़ी सी कसूरी मेथी डालने से इसकी खुशबू और स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. इन आसान टिप्स से घर की बेसन की सब्जी भी बिल्कुल होटल या हलवाई जैसी बन जाएगी.

ख़बरें फटाफट

उदयपुर. अगर आप राजस्थानी खाने के शौकीन हैं और हर बार कुछ नया बनाने की सोचते हैं, तो इस बार घर में राजस्थानी बेसन पनीर जरूर ट्राई करें. खास बात यह है कि इसमें असली पनीर का इस्तेमाल नहीं होता, बल्कि बेसन से ऐसे मुलायम टुकड़े तैयार किए जाते हैं जो देखने और खाने में काफी हद तक पनीर जैसे लगते हैं. मसालेदार राजस्थानी ग्रेवी में पकने के बाद इसका स्वाद इतना शानदार हो जाता है कि पहली बार खाने वाला भी इसे पनीर की सब्जी समझ बैठता है.

राजस्थान के कई इलाकों में बेसन से बनने वाले व्यंजन काफी लोकप्रिय हैं. गट्टे की सब्जी, बेसन का चीला और बेसन की कढ़ी की तरह यह रेसिपी भी पारंपरिक स्वाद का बेहतरीन उदाहरण है. कम खर्च में बनने वाली यह डिश उन लोगों के लिए भी अच्छी है जो बिना पनीर के पनीर जैसा स्वाद लेना चाहते हैं. राजस्थानी बेसन पनीर बनाने के लिए बेसन, दही, हल्दी, लाल मिर्च, नमक और अन्य घरेलू मसाले की जरूरत पड़ती है.

ऐसे घर पर बना सकते हैं राजस्थानी बेसन पनीर की सब्जी

सबसे पहले 2 कप बेसन में आधा कप दही, हल्दी, लाल मिर्च, नमक और पानी मिलाकर चिकना घोल तैयार करें. अब कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और इस घोल को लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं, जब तक यह गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने न लगे.इसके बाद मिश्रण को एक चिकनी थाली में फैलाकर ठंडा होने दें और फिर इसे पनीर की तरह चौकोर टुकड़ों में काट लें और राजस्थानी अंदाज की मसालेदार ग्रेवी तैयार करें. कड़ाही में तेल गर्म कर जीरा चटकाएं. फिर बारीक कटा प्याज सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च और टमाटर डालें.हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालकर मसालों को अच्छी तरह भूनें. जब मसाले तेल छोड़ने लगें, तब इसमें पानी डालकर उबाल लें. अब बेसन के तैयार टुकड़े डालें और 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. आखिर में गरम मसाला और कसूरी मेथी डालकर गैस बंद कर दें.

सब्जी में हलवाई जैसा स्वाद पाने के लिए बेसन को अच्छे से पकाएं

अगर आप इस सब्जी में हलवाई जैसा स्वाद चाहते हैं तो बेसन को अच्छी तरह पकाएं ताकि उसका कच्चापन बिल्कुल न रहे. चाहे तो बेसन के टुकड़ों को हल्का सा तेल में सेंककर ग्रेवी में डालें. ग्रेवी में थोड़ा सा ताजा मलाई या दही मिलाने से स्वाद और भी बढ़ जाता है. वहीं कसूरी मेथी इसकी खुशबू को कई गुना बढ़ा देती है. गरमा-गरम राजस्थानी बेसन पनीर को बाजरे की रोटी, तंदूरी रोटी, मिस्सी रोटी, पराठे या जीरा राइस के साथ परोसे.कम खर्च में बनने वाली यह स्वादिष्ट डिश मेहमानों से लेकर परिवार के हर सदस्य को पसंद आएगी और आपके खाने का स्वाद दोगुना कर देगी.

About the Author

deep ranjan

दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment